दुनिया

अमेरिका में लैंडिंग से पहले विमान क्रैश, बिजली के तारों से टकराया; खौफनाक हादसा कैमरे में कैद

Pacoima Plane Crash: कैलिफोर्निया के पैकोइमा में व्हिटमैन एयरपोर्ट के पास एक छोटा विमान बिजली के तारों से टकराकर गिर गया। हादसे में पायलट गंभीर घायल हुआ।

Pacoima Plane Crash: अमेरिका के कैलिफोर्निया में लॉस एंजिल्स के पाकोइमा (Pacoima) में एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसका डरावना वीडियो सामने आया है। यह घटना व्हिटमैन हवाई अड्डे (Whiteman Airport accident) के पास हुई, जब एक हल्का सिंगल-इंजन विमान उतरने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि विमान काफी नीचे उड़ रहा था और तभी वह बिजली के तारों से टकरा गया। टकराते ही विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटते हुए नीचे गिर गया। यह पूरी घटना पास में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

70 साल के पायलट को आईं गंभीर चोटें

इस हादसे में 70 साल के पायलट को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने पायलट की जान बचाने में मदद की। एक व्यक्ति ने बताया कि पायलट का शरीर विमान में फंसा हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने मिलकर उसे बाहर निकाला। दमकल विभाग के अनुसार, यह विमान एक सिंगल-इंजन सेसना (Cessna single-engine aircraft) था, जो उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि विमान हवाई अड्डे के आसपास चक्कर लगा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।

घनी आबादी वाले इलाके में है हवाई अड्डा

आखिर में यह एक ऑटो शॉप के पास पार्किंग में जाकर गिरा। इस हादसे के बाद इलाके में बिजली भी चली गई, जिससे कई घरों और दुकानों पर असर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाई अड्डा घनी आबादी वाले इलाके में है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। कुछ लोगों ने इस घटना के बाद हवाई अड्डे को बंद करने की मांग भी तेज कर दी है। उनका कहना है कि पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए अब सुरक्षा को देखते हुए कड़ा फैसला लेना जरूरी है। वहीं, अधिकारियों ने कहा है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article