Philippines Earthquake: फिलीपींस के दक्षिणी मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह शक्तिशाली भूकंप आया। जिसकी तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 7.8 मापी गई। भूकंप के झटके इतने जोरदार थे कि कई इलाकों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद फिलीपींस, जापान, मलेशिया, गुआम और इंडोनेशिया समेत कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया। इस शक्तिशाली भूकंप के बाद लगातार कई आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। सारंगानी और बलंगोनन के आसपास 4.8 से 6.5 तीव्रता तक के कई झटके महसूस किए गए। जिसमें सबसे शक्तिशाली आफ्टरशॉक 6.5 तीव्रता का रहा। सभी झटके 35 से 67 किलोमीटर की गहराई पर आए। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे फिलीपींस के सारंगानी प्रांत के पास आया। इसका केंद्र काबलालान से 26 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 55 किलोमीटर की गहराई पर था। वहीं जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने भूकंप की तीव्रता 8.2 और गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई है। एजेंसी ने पहले भूकंप की तीव्रता 7.3 बताई थी, लेकिन बाद में अपना आकलन बदल दिया। उथली गहराई में आए इस भूकंप के कारण काफी तेज झटके महसूस किए गए।
लोगों से तटीय इलाके खाली करने की अपील
भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली और पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने कई देशों के तटीय इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर सुनामी की लहरें 1-3 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं। फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने लोगों से तटीय इलाकों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। कई इलाकों में एहतियातन निकासी भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुनामी की लहरें भूकंप के कई घंटों बाद तक आती रह सकती हैं।
भूकंप के बाद आए झटके (Aftershocks)
6.1 तीव्रता का झटका
- समय: सुबह 5:18 बजे (भारतीय समय)
- स्थान: फिलीपींस के सारंगानी (Sarangani) से 7 किमी उत्तर-उत्तर पश्चिम
- गहराई: 67.2 किमी
- समय: सुबह 5:19 बजे
- स्थान: फिलीपींस के पंगयान (Pangyan,) से 4 किमी पूर्व-उत्तर पूर्व
- गहराई: 35 किमी
- समय: सुबह 6:12 बजे
- स्थान: बलांगोनन (Balangonan) से 1 किमी दक्षिण-पूर्व
- गहराई: 35 किमी
- समय: सुबह 6:23 बजे
- स्थान: सारंगानी (Sarangani) से 37 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम
- गहराई: 44.5 किमी
- समय: सुबह 6:25 बजे
- स्थान: बलांगोनन (Balangonan)से 19 किमी दक्षिण-पश्चिम
- गहराई: 65.6 किमी
- समय: सुबह 6:28 बजे
- स्थान: सारंगानी (Sarangani) से 11 किमी दक्षिण-पूर्व
- गहराई: 52.5 किमी
किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं
फिलीपींस के दूसरे सबसे बड़े द्वीप मिंडानाओ के पास समुद्र में आए इस शक्तिशाली भूकंप के झटके पड़ोसी देश इंडोनेशिया के उत्तरी शहर मनाडो तक महसूस किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्हें तेज कंपन का एहसास हुआ। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों से बचने व सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।
गौरतलब है कि फिलीपींस और इंडोनेशिया दोनों प्रशांत महासागर के'रिंग ऑफ फायर' एरिया में स्थित हैं। यह क्षेत्र दक्षिण अमेरिका से लेकर रूस के सुदूर पूर्वी हिस्से तक फैला हुआ है। यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट गतिविधियां होती रहती हैं।
