स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात दी। तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी जीत के हीरो रहे। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने दोनों की तारीफ की। साथ ही टीम में मौजूद हर खिलाड़ी को मैच विनर बताया। हालांकि, उन्होंने शुरुआती ओवर में ज्यादा डॉट बॉल खेलने को लेकर चिंता जाहिर की।
न्यूजीलैंड द्वारा दिए 181 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने पहला ओवर मेडन खेला। स्ट्राइक पर संजू सैमसन थे। मैट हेनरी ने अपने पहले ओवर में संजू सैमसन को कोई भी बड़ा शॉट नहीं लगाने दिया। पहले तीन ओवर में भारत ने 22 रन बनाए। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि शुरुआत में ज्यादा डॉट बॉल खेलने और स्ट्राइक रोटेट न कर पाने से नेट रन रेट का दबाव बढ़ गया था। हालांकि, उन्होंने तिलक और रेड्डी की जमकर तारीफ की।
तिलक-रेड्डी और धीर की तारीफ
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, हमारी टीम में हर खिलाड़ी मैच विनर है और आज उसकी मिसाल पेश हुई। जिस तरह विकेट गिर रहे थे हमें लगा कि मैच हमारे हाथ से फिसल रहा है। लेकिन तिलक और रेड्डी ने बढ़िया बल्लेबाजी की और नमन धीर ने भी बढ़िया कैमियो किया। नमन धीर को हमने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी प्रदर्शन करते देखा था, उन्होंने गेंद के साथ भी बढ़िया प्रदर्शन किया है और फील्डिंग में भी वो काफी अच्छे हैं।
डॉट बॉल खेलने पर भड़के कप्तान
भारतीय कप्तान ने कहा, हमने शुरुआत में काफी डॉट गेंदें खेली। सैंटनर और ब्रेसवेल ने बढ़िया गेंदबाजी की और स्ट्राइक रोटेट न कर पाने के चलते आवश्यक रन रेट लगातार बढ़ रहा था। हालांकि, यह गेम का हिस्सा है और मुझे विश्वास है कि आगे हम इस मोर्चे पर भी बाउंस बैक करेंगे। फील्डिंग में हमें सुधार करने की जरूरत है, बतौर फील्डर यह सोचना जरूरी होता है कि हर गेंद मेरे पास आने वाली है।
11वें ओवर में गंवा दिए थे पांच विकेट
भारतीय टीम ने पहले छह में एक विकेट गंवाकर 44 रन बनाए। वहीं, 10 ओवर तक भारत ने तीन विकेट गंवा दिए थे और स्कोर बोर्ड पर मात्र 66 रन थे। 11वें ओवर में भारत ने दो विकेट गंवा दिए और आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। नमन धीर भी 31 रन की पारी खेलकर 15वें ओवर में आउट गए। भारत पर नेट रन रेट का दबाव बढ़ गया था। ऐसे में भारत पर हार का खतरा मंडरा रहा था। न्यूजीलैंड के कप्तान सैंटनर की घातक गेंदबाजी ने टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया था, लेकिन तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने सूझबूझ से खेलते हुए भारतीय टीम को एक गेंद शेष रहते मैच जिता दिया।
