दुनिया

एक ही सप्ताह में दो बार पाकिस्तानी पीएम ने की भारत से बातचीत की अपील, India का स्पष्ट संदेश- पाक के साथ केवल PoK पर बात

शरीफ ने भारत के साथ व्यापार फिर से शुरू करने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले की भी आलोचना की और कहा कि यह पाकिस्तान के लोगों के लिए उनके कृषि उपयोग, पीने के पानी और कई अन्य उद्देश्यों के लिए जीवन रेखा है।

Image

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ (फाइल फोटो)

Photo : AP

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को भारत के साथ बातचीत करने की अपनी इच्छा दोहराते हुए कहा कि दोनों पक्षों को साथ बैठकर कश्मीर, पानी और आतंकवाद सहित सभी मुद्दों का समाधान करना चाहिए। शरीफ ने यह टिप्पणी अजरबैजान के लाचिन में पाकिस्तान-तुर्किए-अजरबैजान त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए की, जिसमें राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन एर्दोआन और इल्हाम अलीयेव भी शामिल हुए।

घुटनों पर आया पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत पर जोर देने का शहबाज का यह इस सप्ताह दूसरा बयान था। शरीफ ने तेहरान में सोमवार को कहा था कि वह ‘सभी विवादों को हल करने के लिए’ भारत के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं। ‘डॉन’ अखबार ने लाचिन में त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में शरीफ के हवाले से कहा, ‘‘हमें शांति के लिए साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए... ऐसे मुद्दे हैं जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है और उन्हें बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए। मैंने पूरी विनम्रता से कहा है कि हम क्षेत्र में शांति चाहते हैं। और इसके लिए उन मुद्दों पर बातचीत करनी चाहिए जिन पर तत्काल ध्यान देने और सौहार्दपूर्ण समाधान की आवश्यकता है, यह मुद्दा है कश्मीर का जो संयुक्त राष्ट्र और सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार और कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार है।’’

भारत की दो टूक

भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान के साथ केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की वापसी और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बातचीत करेगा। गत 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया। हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। भारत ने छह मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सटीक हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी कार्रवाइयों का कड़ा जवाब दिया। 10 मई को दोनों पक्षों के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच बातचीत के बाद सैन्य कार्रवाइयों को रोकने की सहमति बनी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article