दुनिया

पाकिस्तान जाने वाले हैं ट्रंप? इस्लामाबाद-रावलपिंडी में सुरक्षा बढ़ी; 22 अप्रैल की डेडलाइन से पहले होगी शांति की कोशिश

US Iran Peace Talk: Donald Trump के पाकिस्तान दौरे के और ईरान के साथ दूसरे दौर की वार्ता की खबरों के बीच इस्लामाबाद में हाई-अलर्ट घोषित है। नूर खान एयरबेस सील है और करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

Image

ईरान और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के पहले दौरे के मौके पर इस्लामाबाद में तैनात सुरक्षाकर्मी

Photo : AP

US Iran Peace Talk: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। हालांकि वार्ता के दूसरे दौर की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा की तैयारियों ने दुनिया भर का ध्यान खींच लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के संभावित पाकिस्तान दौरे की खबरों के बीच इस्लामाबाद और रावलपिंडी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ट्रंप के आने की आहट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यदि ईरान के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर होते हैं, तो वह खुद इस्लामाबाद आ सकते हैं। इस हाई-प्रोफाइल संभावित दौरे को देखते हुए पाकिस्तान प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। रावलपिंडी और इस्लामाबाद में 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और 600 से ज्यादा सुरक्षा चौकियां (Checkpoints) बनाई गई हैं।

नूर खान एयरबेस और एयरपोर्ट के आसपास 'सन्नाटा'

रविवार आधी रात से नूर खान एयरबेस और इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के संवेदनशील इलाकों को पूरी तरह सील करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने इन क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने, कबूतरबाजी और हवाई फायरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। छतों पर शार्प-शूटर तैनात किए गए हैं और न्यू टाउन, सादिकबाद और चकलाला जैसे इलाकों में कड़ा पहरा है।

आम जनता के लिए पाबंदियां और सख्त नियम

सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत प्रशासन ने कई कड़े कदम उठाए हैं। रेस्टोरेंट, ब्यूटी पार्लर, जिम, स्नूकर क्लब, बैंक और बेकरियां अगली सूचना तक बंद कर दी गई हैं। रावलपिंडी के सभी लड़के और लड़कियों के हॉस्टल बंद करा दिए गए हैं। संवेदनशील रूटों पर स्थित घरों और होटलों के मालिकों को निर्देश दिया गया है कि वे बालकनी या खिड़कियों पर न आएं। उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी गेस्ट हाउसों को निर्देश है कि वे प्रतिदिन अपने मेहमानों का डेटा स्थानीय थाने में जमा करें।

22 अप्रैल है सीजफायर की आखिरी तारीख

बता दें कि 11 और 12 अप्रैल को हुई पहले दौर की बातचीत बेनतीजा रही थी। अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की कूटनीतिक कोशिशों के बाद दूसरे दौर की उम्मीदें जगी हैं। ईरान और अमेरिका के बीच मौजूदा सीजफायर 22 अप्रैल को समाप्त होने वाला है, जिससे पहले एक ठोस समझौते पर पहुंचना दुनिया की शांति के लिए बहुत जरूरी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article