Faridabad-Agra Train Cancelled: अगर आप फरीदाबाद से आगरा और पलवल के बीच रोजाना सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है और यह अच्छी खबर नहीं है। क्योंकि अगर आप इस रूट पर चलते हैं तो आपकी परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे ने इस रूट पर चलने वाली चार स्पेशल लोकल मेमू (MEMU) ट्रेनों को 31 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दिया है।
रेलवे ट्रैक पर तकनीकी काम के चलते लिया गया यह फैसला नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को प्रभावित करेगा। इस त्योहारी सीजन में अब यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरी ट्रेनों या परिवहन के अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
रेलवे ट्रैक पर चल रहा तकनीकी काम
रेलवे प्रशासन की तरफ से पलवल और रुंधी रेलखंड से जुड़े क्षेत्र में सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने और रेल पटरियों की सुरक्षा बेहतर करने के लिए तकनीकी कार्य किया जा रहा है। इसमें प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग, नॉन-इंटरलॉकिंग और यार्ड रीमॉडलिंग का काम शामिल है।
रेलवे के इस काम का मकसद परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाना और ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। काम के दौरान परिचालन संबंधी बाधाओं से बचने के लिए चार मेमू ट्रेनों को अस्थायी तौर पर रद्द रखने का फैसला किया गया है।
कौन-कौन सी ट्रेनें 31 अक्टूबर तक रद्द?
रेलवे की तरफ से रद्द की गई ट्रेनों में ये चार गाड़ियां शामिल हैं :
- 01941: आगरा कैंट से पलवल
- 01942: पलवल से आगरा कैंट
- 01943: आगरा कैंट से रुंधी
- 01944: रुंधी से आगरा कैंट
ये ट्रेनें 31 अक्टूबर तक नहीं चलेंगी। इस अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और वैकल्पिक सेवाओं की जानकारी ले लेनी चाहिए।
दैनिक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
इन ट्रेनों के रद्द होने से आगरा, मथुरा, पलवल और फरीदाबाद के बीच नियमित तौर पर सफर करने वाले यात्रियों को एक्ट्रा टाइम लेकर चलने के साथ ही ज्यादा खर्च भी वहन करना पड़ सकता है। खासकर नौकरी और अन्य जरूरी कामों के लिए रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना होगा।
दैनिक यात्रियों को इन ट्रेनों के बंद होने से घर पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है और दूसरी लोकल ट्रेनों में भीड़ भी बढ़ सकती है। ऐसे में यात्रियों को रेलवे के अगले अपडेट पर नजर रखनी होगी।
