पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक अभियान में नौ सुरक्षा कर्मियों और 15 आतंकवादियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह अभियान बुधवार को अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में एक पुलिस चौकी पर हुए हमले के जवाब में शुरू किया गया।
पुलिस ने बताया कि हंगू स्थित पुलिस चौकी पर हमले के बाद सहायता के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए थे।हालांकि, अतिरिक्त जवानों को लेकर जा रहा वाहन भी आतंकवादियों की गोलीबारी की चपेट में आ गया। पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के दौरान नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य घायल हो गए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: PoJK हिंसा पर पाकिस्तान की इंटरनेशनल फजीहत, रावलाकोट-मीरपुर में मौतों पर भड़कीं ब्रिटिश सांसद, HRCP ने भी मांगा जवाब
भीषण मुठभेड़ में 15 आतंकवादी भी मारे गए
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान हुई भीषण मुठभेड़ में 15 आतंकवादी भी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने आतंकवादी हमले की निंदा की और घटना पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की।मुख्यमंत्री ने मृतक पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
'घायल पुलिसकर्मियों को समुचित चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए'
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल पुलिसकर्मियों को समुचित चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए और अभियान में मारे गए सुरक्षा कर्मियों के परिजनों को सहायता दी जाए।खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पिछले कई वर्षों से आतंकवादी हिंसा, अफगानिस्तान से लड़ाकों की सीमा पार आवाजाही और बार-बार चलाए गए सैन्य अभियानों के कारण अशांति का सामना कर रहा है। संघीय सरकार का आरोप है कि प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने नवंबर 2022 में संघर्षविराम समझौता समाप्त होने के बाद अफगानिस्तान से लगने वाले इस सीमावर्ती प्रांत में कई आतंकवादी हमलों को अंजाम दिया है।
