दुनिया

जन्मदिन का जश्न बना मातम: केक कटने के दौरान ढही तीन मंजिला इमारत, एक ही परिवार की 11 लोगों की सांसें मलबे में दफन

Pakistan House Collapse: पाकिस्तान के लाहौर शहर में एक दर्दनाक हादसे में तीन मंजिला मकान ढहने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई। घटना हरबंसपुरा इलाके में बुधवार देर रात उस समय हुई, जब परिवार जन्मदिन का जश्न मना रहा था।

Image

पाकिस्तान में बड़ा हादसा (फाइल फोटो)

Photo : AP

Pakistan House Collapse: पाकिस्तान के लाहौर शहर (lahore house collapse) में खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। शहर के घनी आबादी वाले हरबंसपुरा इलाके में बुधवार देर रात एक तीन मंजिला मकान अचानक ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 11 लोगों की मलबे में दबकर जान चली गई। घटना के वक्त घर में एक बच्चे के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

पीटीआई भाषा के मुताबिक लाहौर के उपायुक्त मोहम्मद अली एजाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस तीन मंजिला इमारत में तीन भाई अपने-अपने परिवारों के साथ रहते थे। जन्मदिन के खास मौके पर शामिल होने के लिए उनकी बहन भी अपने बच्चों के साथ वहां आई हुई थी। देर रात जब पूरा परिवार एक साथ एकत्र होकर जश्न मना रहा था, तभी अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे लगभग 20 लोग मलबे के नीचे दब गए।

छह लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से 11 शव बाहर निकाले, जबकि 6 लोगों को जिंदा बचाकर तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। अधिकारियों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी मानसूनी बारिश के कारण इमारत का ढांचा बेहद कमजोर हो चुका था। पानी के रिसाव और सीलन की वजह से यह हादसा हुआ।

लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर दूसरा हादसा

बारिश की वजह से ऐसा ही एक अन्य दर्दनाक हादसा लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर फैसलाबाद के झांग रोड पर भी देखने को मिला। वहां तालियानवाला इलाके में बारिश के दौरान एक पुराने जर्जर मकान की छत अचानक गिर गई। इस हादसे में घर में मौजूद परिवार के सदस्यों में से दो बच्चों-जिनमें एक छह महीने का शिशु और एक पांच साल का बच्चा शामिल था, की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article