Thailand Flood: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गुरुवार दोपहर से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के बड़े हिस्से में पानी भर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और सैकड़ों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने बैंकॉक के सभी 50 जिलों को आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है, ताकि आपातकालीन राहत कार्य तेजी से चलाए जा सकें।
एपी के मुताबिक मौसम विभाग के अनुसार, बैंकॉक के कई इलाकों में अब तक 30 सेंटीमीटर (11.8 इंच) से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। शहर के मध्य और पूर्वी हिस्सों में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। प्रमुख सड़कों पर कई फीट पानी भर जाने के कारण गाड़ियां रेंगती हुई नजर आ रही हैं, जबकि कई कारें आधी डूबी हुई हैं। बैंकॉक की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पेचबुरी रोड पूरी तरह सुनसान नजर आई, क्योंकि वहां जलभराव के कारण वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। कई अंतरप्रांतीय बस सेवाओं को भी रद्द करना पड़ा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: जोधपुर में 40 से ज्यादा देशों के 'सुपर फाइटर्स' का जमावड़ा, F-35 से राफेल-सुखोई तक दिखेगा दम, शुरू हुआ 'तरंग शक्ति 2026'
21 प्रांतों के 84000 से ज्यादा लोग इस भयंकर बाढ़ से प्रभावित
देशभर की बात करें तो मध्य क्षेत्र सहित 21 प्रांतों के 84,000 से अधिक लोग इस भयंकर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सरकार ने लोगों के मोबाइल फोन पर एमरजेंसी अलर्ट मैसेज भेजकर सतर्क रहने की हिदायत दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह स्थिति साल 2011 में आई भीषण बाढ़ की याद दिलाती है। दुकानदारों और कारोबारियों ने सुरक्षा के लिहाज से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं।
अब तक करीब 900 लोग हुए शिफ्ट
हालात से निपटने के लिए बैंकॉक के गवर्नर शडचार्ट सिथिपंट ने बताया कि शहर भर में 200 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें अब तक करीब 900 लोग शिफ्ट हो चुके हैं। पानी की निकासी के लिए पंपिंग स्टेशन लगातार काम कर रहे हैं। हालांकि हवाईअड्डों पर उड़ानें सामान्य हैं, लेकिन यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश का यह दौर सप्ताहांत तक जारी रह सकता है।
