Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में बड़ा बस हादसा हुआ है। एक बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 8 लोगों के घायल होने की खबर है। यह हादसा बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांत की सीमा पर हुआ है। सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
दो बसों की बैठी थी सवारी
बलूचिस्तान के शेरानी जिले और खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की सीमा पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब क्वेटा से पेशावर जा रही एक मुसाफिर बस दाना सर इलाके को पार करते ही अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। शेरानी के उपायुक्त (DC) वली खान काकर के अनुसार, बस ने अपनी यात्रा 36 यात्रियों के साथ क्वेटा से शुरू की थी। लेकिन सफर के बीच में एक दूसरी बस खराब हो गई थी, जिसके यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया। क्षमता से अधिक यात्री होने के कारण यह दर्दनाक हादसा और बड़ा हो गया।
बस के उड़े परखच्चे
दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, एम्बुलेंस और रेस्क्यू टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं। चूंकि हादसा दोनों प्रांतों की सीमा पर हुआ, इसलिए बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा, दोनों राज्यों के राहत विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। खाई में गिरने से बस एकदम से बर्बाद हो गई है। जिसके कारण राहत और बचान कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घायलों का इलाज जारी
सभी 8 घायलों को नजदीकी आपातकालीन केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने की कोशिश कर रही है। पहाड़ी इलाका होने के कारण शवों और घायलों को खाई से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
