Pakistan Afghanistan Conflict: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। एक तरफ, दोनों देशों के बीच चीन में बैठक हुई तो दूसरी तरफ पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर तोपों से फायरिंग कर दी, जिसमें 10 लोग घायल हो गए।
पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी सैन्य शासन लगातार कुनर, पक्तिका और खोस्त प्रांतों पर लगातार बमबारी, तोपखाने से गोलीबारी और ड्रोन हमले कर रहा है। इन हमलों में अबतक 25 नागरिक घायल हो चुके हैं जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं और दो लोगों की मौत हो चुकी है।
कहां-कहां हुई गोलीबारी
बताया जा रहा है कि कुनर प्रांत के सरकानो और मनोरे जिलों में लंबी दूरी की तोपों और हाउवित्ज़र से करीब 155 गोले दागे गए। इस हमले में मोहम्मद खान के दो बेटे, सराज और मसीहुल्लाह घायल हो गए और एक वाहन तबाह हो गया।
कुछ ऐसा ही नजारा सरकानो जिले के नवापास दोस्सारकी इलाके में भी देखा गया, जहां भारी गोलीबारी में 8 बच्चे घायल हो गए और दो लोगों की जान चली गई। वहीं, पक्तिका प्रांत के शकिन जिले में ड्रोन हमले में 3 नागरिक घायल हो गए।
कुनर में हुई भारी गोलीबारी
गुरुवार को भी कुनर के सरकानो जिले में 185 राउंड गोलाबारी की गई, जिसमें 10 नागरिक घायल हुए। इसके अलावा मनोरे, दंगम, नराय और शल्तन जिलों में 178 गोले दागे गए। हालांकि, वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, खोस्त प्रांत के झाजी मैदान जिले के जंदो पर्वत क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में 2 नागरिक, मीरुल्लाह और अरमानुल्लाह घायल हो गए।
सनद रहे कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष को खत्म कराने के लिए चीन मध्यस्थता कर रहा है। ऐसे में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच चीन के उरुमकी में वार्ता हो रही है, ताकि सीजफायर सुनिश्चित किया जा सके। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने गुरुवार को बताया कि यह बातचीत पिछले कई महीनों से चल रहे तनाव को कम करने की दिशा में अहम कदम है।
