दुनिया

'सेना मुझे न्योता देकर बुलाती है'; पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी ने खोली पोल; पाकिस्तान हुआ बेनकाब

पाकिस्तान में आतंकवाद और वहां की सेना का गठजोड़ एक फिर ठोस सबूतों के साथ सामने आ गया है। इस बार मामला किसी सीमावर्ती इलाके या गुप्त प्रशिक्षण शिविर का नहीं, बल्कि बच्चों के एक स्कूल का है, जहां लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकियों में शामिल सैफुल्लाह कसूरी खुले मंच से भाषण देता नजर आया।

Saifullah Kasuri

पाकिस्तान में सैफुल्लाह कसूरी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter

पाकिस्तान में आतंकवाद और वहां की सेना के गठजोड़ को लेकर भारत सालों से जो आरोप लगाता आया है, वे एक बार फिर ठोस सबूतों के साथ सामने आते दिख रहे हैं। पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दूसरे सबसे बड़े चेहरे सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें उसने खुले मंच से पाकिस्तानी सेना से अपने रिश्तों को स्वीकार किया है। ये वीडियो एक बच्चों के स्कूल का है। जिसमें वो कहते हुए दिख रहा है कि पाकिस्तान की सेना मुझे जनाजे की नमाज पढ़ने के लिए न्योता देकर बुलाती है।

सामने आया वीडियो

इस वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं है, लेकिन खुफिया सूत्रों ने इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि की है। बावजूद इसके टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है। वीडियो के एक फ्रेम में स्कूल का आंशिक लोगो भी दिखाई देता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये वीडियो मुल्तान का बताया जा रहा है। इसमें आतंकी नेटवर्क का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह लाल गुब्बारों से सजे मंच पर खड़ा होकर भीड़ को संबोधित करता दिखता है। इसमें उसने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना अपने शहीद जवानों के जनाजे की नमाज पढ़ने के लिए उसे न्योता देती है। बता दें कि सैफुल्लाह अंसारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी घोषित किया जा चुका है। और भारत का वह मोस्ट वांटेड आतंकी है।

सैनिक के जनाजे में दिखा था आतंकी सैफुल्लाह

इससे पहले, दिसंबर में पाकिस्तान के साउथ वजीरिस्तान का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात आतंकी सैफुल्लाह कसूरी एक पाकिस्तानी सैनिक के जनाजे में नमाज पढ़ता दिखा था। इस वीडियो ने इस्लामाबाद के झूठे दावों की परतें उधेड़ दी थीं। उसी महीने कसूरी का तीन घंटे लंबा एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह लश्कर की बड़ी सभा को संबोधित करता नजर आया था। यह फेसबुक लाइव पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के आधिकारिक पेज पर डाला गया था।

आतंकी अड्डा दोबारा खड़ा करने के लिए “सरकारी” फंड

वीडियो में लश्कर का डिप्टी चीफ भारत के खिलाफ जहर उगलता नजर आता है। वह शेखी बघारते हुए कहता है कि भारत उसकी मौजूदगी से थर्राता है और भारतीय एजेंसियां उसके डर के साये में जी रही हैं। आगे वह गीदड़भभकी देते हुए दावा करता है कि जल्द ही जम्मू-कश्मीर की नदियां और बांध उनके कब्जे में होंगे। इसमें वह पीएम मोदी को लेकर भी बयान दे रहा था।

नए वीडियो से दिखा सेना-आतंकियों का गठजोड़

भारत के लिए कसूरी का यह बयान कोई नई बात नहीं है। भारत वर्षों से दुनिया के सामने पाकिस्तान के राज्य-प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाती रही है। सबसे भयावह तथ्य यह है कि पहलगाम हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या से जुड़े इस आतंकी को पाकिस्तान के एक स्कूल में बच्चों के सामने बोलने का मंच दिया गया। जिन बच्चों के हाथों में कलम-किताबें होनी चाहिए थीं, वहां एक आतंकी भारत के खिलाफ नफरत, हिंसा और जिहादी उन्माद का पाठ पढ़ा रहा है।

फिर सक्रिय हो रहा लश्कर

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में एनडीटीनी की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि पहलगाम हमले के बाद शुरू किए गए भारत की ऑपरेशन सिंदूर के छह महीने बाद भी पाकिस्तान समर्थित आतंकी गतिविधियों में खतरनाक बढ़ोतरी देखी जा रही है। खुफिया इनपुट्स के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) नए सिरे से संगठित होकर समन्वित हमलों की तैयारी कर रहे हैं। भारत में अधिकारियों ने इसे 'गंभीर चेतावनी' बताते हुए उत्तरी कमान के सभी सेक्टरों में हाई अलर्ट जारी किया। भारत ने साफ किया है कि अगर पाकिस्तान का आतंक का निर्यात जारी रहा तो ऑपरेशन सिंदूर का नया चरण शुरू किया जाएगा।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article