US missile to Pak: अमेरिका ने पाकिस्तान को नए हथियार देने की बात कहने वाली मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया है। यूएस ने शुक्रवार को उन रिपोर्टों खारिज किया जिनमें नए अनुबंध के तहत अमेरिका न्यू एडवांस्ड मीडियम रेंज एयर टू एयर मिसाइलों (AMRAAMs) की आपूर्ति पाकिस्तान को करने की बात कही गई है। यूएस ने कहा कि नए अनुबंध में केवल पुराने हथियारों की मरम्मत के लिए कल-पुर्जे की आपूर्ति की जाएगी, पाकिस्तान को नई AMRAAM मिसाइलें नहीं दी जाएंगी।
मीडिया रिपोर्टों को बताया गलत
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक अपने एक बयान में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि डिपार्टमेंट ऑफ वार ने 30 सितंबर को विदेशी सैन्य बिक्री वाले मौजूदा अनुबंध बदलाव का जिक्र किया था। यह बदलाव पाकिस्तान सहित कई देशों को कल-पुर्जों की आपूर्ति जारी रखने के लिए था। दूतावास ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान को AMRAAM मिसाइलें नहीं दी जा रही हैं क्योंकि अनुबंध में इस तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ है। यही नहीं ऐसा भी नहीं है कि इन कल-पुर्जों की आपूर्ति से पाकिस्तान की मौजूदा क्षमताओं में किसी तरह का इजाफा होगा।
BVR मिसाइल है AMRAAM
AIM-120 AMRAAM एक ‘फायर एंड फॉरगेट’ मिसाइल है, जो अमेरिकी वायुसेना की उन्नत एयर-टू-एयर हथियार प्रणाली है। 1991 में पहली बार तैनात इस मिसाइल में सक्रिय रडार गाइडेंस सिस्टम है, जो इसे हर मौसम में, दिन-रात प्रभावी बनाता है। इसका वजन करीब 154 किलोग्राम (340 पाउंड) है। यह सॉलिड-फ्यूल रॉकेट मोटर से संचालित होती है जिससे इसे लगभग 4,900 किमी/घंटा की गति तेज मिलती है। इसकी रेंज बेसिक वेरिएंट में 50 से 100 किलोमीटर है, जबकि नवीनतम AIM-120D वेरिएंट 160 किलोमीटर तक मार कर सकती है।
पाकिस्तान के पास पहले से हैं AMRAAM मिसाइलें
फाइटर प्लेन में इसके लगने के बाद यह मिसाइल बिना दुश्मन को देखे उसे मार गिराने में सक्षम है। इसलिए इसे वियोंड विजुअल रेंज (BVR) मिसाइल कहा जाता है। पाकिस्तान के पास पहले से ही AMRAAM मिसाइलें हैं और उसने 2019 में इसका इस्तेमाल ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान की टीम के खिलाफ किया था। अभिनंदन उस समय मिग-21 बाइसन उड़ा रहे थे।
