दुनिया

रैपर से PM तक का सफर... नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बने बालेन शाह, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

नेपाल में ‘जेन-जी’ आंदोलन के बाद हुए राजनीतिक बदलाव के बीच बालेन शाह (Balen Shah) ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 35 वर्षीय बालेन नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने और मधेश क्षेत्र से इस पद पर पहुंचने वाले पहले नेता हैं। उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के अनुसार 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को नियुक्त किया।

Image

नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बने बालेन शाह। AP

Photo : AP

नेपाल में ’जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शन के कारण के पी शर्मा ओली नीत सरकार के सत्ता से अपदस्थ होने के छह महीने बाद, बालेंद्र शाह ’बालेन’ ने नेपाल के लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को शपथ ली।

रैपर ने नेता बने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के 35 वर्षीय नेता ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में अपराह्न 12 बजकर 34 मिनट के ’शुभ मुहूर्त’ में शपथ ली। बालेन नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले सबसे युवा नेता हैं और वह कार्यपालिका का शीर्ष पद संभालने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति भी हैं।

उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के अनुसार 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को नियुक्त किया। बालेन पूर्व प्रधानमंत्री ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के पिछले साल सितंबर में सत्ता से बेदखल होने के बाद शपथ लेने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित पहले प्रधानमंत्री हैं।

balen shah 1

नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में बालेन शाह को नियुक्त किया गया।

’जेन-जी’ आंदोलन के बाद हुआ चुनाव

भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाला ’जेन-जी’ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था जिसके बाद ओली सरकार को अपदस्थ होना पड़ा।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर पीएम मोदी ने बालेन शाह को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक्स हैंडल पर लिखा,"आपकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। मैं भारत-नेपाल की मित्रता और सहयोग को दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।"

खास तरीके से हुआ शपथ ग्रहण

बालेन के शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू और बौद्ध धार्मिक परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला। समारोह में विस्तृत धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस दौरान सात ब्राह्मणों ने शंखनाद किया, 108 हिंदू बटुकों या युवा ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण किया या स्वस्ति वाचन किया और 107 लामाओं ने मंगल वाचन अथवा बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया।

सूत्रों ने बताया कि बालेन संभवत: 15 से 18 मंत्रियों वाला एक छोटा मंत्रिमंडल गठित करेंगे। पांच मार्च को हुए आम चुनाव में काठमांडू के पूर्व महापौर ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से ओली को भारी अंतर से हराया था। आरएसपी ने चुनाव में प्रतिनिधि सभा की कुल 275 सीट में से 182 सीट जीतकर भारी विजय हासिल की।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article