दुनिया

बांग्लादेश के बाद नेपाल में क्यों पसरा तनाव? पुलिस ने भांजी लाठियां, आंसू गैस के गोल छोड़े; कई पुलिसकर्मी घायल

Nepal High Alert: बांग्लादेश के बाद अब नेपाल में बवाल शुरू हो गया है। नेपाल के मधेश प्रांत हाई अलर्ट पर है और वहां पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस से स्थिति पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। कई पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।

Image

बांग्लादेश के बाद नेपाल में क्यों पसरा तनाव (फाइल फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

Nepal High Alert: बांग्लादेश के बाद अब नेपाल में बवाल शुरू हो गया है। नेपाल के मधेश प्रांत हाई अलर्ट पर है और वहां पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एक वीडियो के बाद दो गुटों के बीच विवाद पैदा हो गया और फिर बिरगंज और जनकपुर दोनों जगहों पर भारी विरोध प्रदर्शन हुए।

क्या है पूरा मामला?

बिरगंज और जनकपुर में एक टिकटॉक वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके चलते प्रशासन ने पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद तब शुरू हुआ, जब धनुषा के जनकपुर में हैदर अंसारी और अमानत अंसारी नामक दो युवकों ने टिकटॉक पर एक वीडियो अपलोड किया। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इस वीडियो से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, जिसके बाद दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

कितने लोगों की हुई गिरफ्तारी

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, धनुषा पुलिस के प्रवक्ता और डीएसपी गणेश बाम ने बताया कि टिकटॉक वीडियो पोस्ट करने और तोड़फोड़ की घटना में संलिप्तता के आरोप में हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

आंसू गैस के दागे गए गोले

तनाव उस वक्त और बढ़ गया, जब कमला नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 में एक धार्मिक स्थान में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। इसके विरोध में बिरगंज और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया, टायर जलाए और नारेबाजी की। बिरगंज के छपकैया ईदगाह चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागे।

परसा पुलिस प्रमुख सुदीपराज पाठक ने कहा, ''स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हमने आंसू गैस के पांच राउंड छोड़े। अब हालात नियंत्रण में हैं।'' प्रदर्शन और झड़पों के बाद मधेश प्रदेश के सभी आठ जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील और संभावित तनाव वाले इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

पुलिसकर्मी घायल

बिरगंज में हुई झड़प के दौरान सात पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति संभालने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया और जलते हुए टायरों को बुझाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि धनुषा और परसा से शुरू हुआ यह विवाद सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से फैला और धार्मिक व सामुदायिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article