Iran Supreme Leader State Funeral: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई का राजकीय अंतिम संस्कार हो रहा है। ऐसे में अली खामेनेई का ताबूत अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। भारत सरकार का एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी ईरान के राष्ट्रव्यापी शोक में शामिल हुआ, जहां भारत सरकार की तरफ से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने भारत सरकार और देशवासियों की ओर से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, "बिहार के राज्यपाल और मैंने तेहरान में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व किया और भारत सरकार एवं देश की जनता की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।"
बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने भी 'एक्स' पर शोक व्यक्त करते हुए हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अली खामेनेई का 9 जुलाई को अंतिम संस्कार, ईरान ने खरगे, नितिन नवीन सहित इन नेताओं को दिया न्योता
इससे पहले, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया, ''ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत पर अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करती हूं। तेहरान में होना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह एक सम्मानित लीडर थे, जिन्होंने लहर के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाया और पीड़ितों के लिए लड़ाई लड़ी।''
तेहरान स्थित इमाम खोमैनी ग्रैंड मुसल्ला में आयोजित अंतिम संस्कार समारोह में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, विदेश मंत्री अब्बास अराघची, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालीबाफ, मुख्य न्यायाधीश गुलाम हुसैन मोहसिनी एजेई और वरिष्ठ सैन्य कमांडर मोहसिन रेजाई सहित कई अन्य नेताओं ने दिवंगत सुप्रीम लीडर को श्रद्धांजलि दी।
