दुनिया

Mexico Train Accident: मैक्सिको में पटरी से उतरीं ट्रेन की बोगियां, 13 की मौत; 98 घायल

मैक्सिको में ओआक्साका और वेराक्रूज को जोड़ने वाली इंटरओशनिक ट्रेन रविवार को निजांडा कस्बे के पास पटरी से उतर गई। इस भीषण रेल हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय ट्रेन में 241 यात्री और नौ क्रू मेंबर सवार थे। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबॉम ने घटना की पुष्टि करते हुए राहत और सहायता के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद रेल लाइन पर यातायात ठप हो गया है और जांच जारी है।

Image

मैक्सिको रेल हादसे में 13 लोगों की मौत।(फोटो सोर्स: istock)

Photo : IANS

प्रशांत महासागर को मेक्सिको की खाड़ी से जोड़ने वाली रेल लाइन पर रविवार को एक ट्रेन के पटरी से उतर जाने से 13 लोगों की मौत हो गई और 98 अन्य लोग घायल हो गए। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबॉम ने यह जानकारी दी।

ओआक्साका और वेराक्रूज राज्यों को जोड़ने वाली ‘इंटरओशनिक ट्रेन’ निजांडा कस्बे के पास एक मोड़ से गुजरते समय पटरी से उतर गई। इस हादसे के बाद रेल लाइन पर यातायात ठप हो गया।

करीब 98 लोग घायल

मैक्सिको में पटरी से उतरीं ट्रेन की बोगियां, बड़े रेल हादसे में 13 की मौत और 98 घायल

शिनबॉम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेक्सिको की नौसेना ने मुझे सूचित किया है कि इंटरओशनिक ट्रेन हादसे में दुर्भाग्य से 13 लोग मारे गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने नौसेना सचिव और गृह मंत्रालय में मानवाधिकार मामलों के उपसचिव को घटनास्थल पर जाकर प्रभावित परिवारों की व्यक्तिगत रूप से मदद करने का निर्देश दिया है।

ट्रेन में 241 यात्री थे सवार

इस बीच, ओआक्साका राज्य के गवर्नर सालोमन जारा ने ‘एक्स’ पर बताया कि कई सरकारी एजेंसी घायलों की सहायता के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, जब हादसा हुआ, उस समय ट्रेन में 241 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य सवार थे।

‘इंटरओशनिक ट्रेन’ का उद्घाटन 2023 में तत्कालीन राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रादोर ने किया था। यह रेल सेवा दक्षिणी मेक्सिको में ट्रेन यात्रा को बढ़ावा देने और प्रशांत महासागर एवं मेक्सिको की खाड़ी के बीच स्थित तेहुआंतेपेक के संकरे भूभाग के पास बुनियादी ढांचे को विकसित करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article