सऊदी अरब ने मक्का समेत कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है, लोगों को सलाह दी गई है कि जब तक खतरा टल न जाए, वे अपने घरों या इमारतों से बाहर न निकलें और खुली जगहों व खिड़कियों से दूर रहें। सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि देश के 'नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म' द्वारा संभावित खतरे के बारे में चेतावनी संदेश भेजे जाने के बाद मक्का और सऊदी अरब के कई अन्य हिस्सों को अलर्ट पर रखा गया है।
सऊदी सिविल डिफेंस के निदेशालय ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, 'मक्का शहर में संभावित खतरे के बारे में आगाह करने के लिए 'नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म' द्वारा चेतावनी जारी की गई है,'साथ ही निवासियों के लिए निर्देश भी जारी किए गए।
हालांकि, चेतावनी जारी होने के कुछ ही मिनटों बाद विभाग ने एक पोस्ट में कहा कि मक्का शहर, तबुक प्रांत, जेद्दा गवर्नरेट और यानबू गवर्नरेट के लिए खतरा टल गया है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल 'मक्का' की हिफाजत के लिए सऊदी भेजे गए नौमान महमूद, कौन हैं ये अधिकारी, जिसपर PAK ने किया ऐतबार?
चेतावनी में क्या कहा गया था?
सिविल डिफेंस ने अलर्ट पाने वाले लोगों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और तुरंत निकटतम सुरक्षित स्थान (जैसे किसी इमारत के अंदर या खिड़कियों से दूर किसी भीतरी कमरे में) जाने और खतरा टलने तक वहीं रहने का आग्रह किया था। लोगों को यह भी सलाह दी गई कि जब तक खतरा टल न जाए, वे अपने घरों या इमारतों से बाहर न निकलें; खुली जगहों, खिड़कियों, कांच, बालकनियों और छतों से दूर रहें; और भीड़-भाड़ वाली या खतरनाक जगहों पर जाने से बचें।
'पुलों व ऊंची इमारतों से दूर रहना चाहिए'
बाहर मौजूद लोगों को निर्देश दिया गया कि वे निकटतम इमारत में चले जाएं या किसी मजबूत आड़ के पीछे शरण लें। सऊदी सिविल डिफेंस ने कहा कि गाड़ी चलाते समय चेतावनी मिलने पर लोगों को सड़क के किनारे गाड़ी रोक लेनी चाहिए और पुलों व ऊंची इमारतों से दूर रहना चाहिए। सिविल डिफेंस ने लोगों को तस्वीरें न लेने या खतरनाक जगहों के करीब न जाने की भी सलाह दी। सऊदी सिविल डिफेंस के दिशानिर्देशों के अनुसार, खतरा महसूस होने पर लोगों से मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में 911 पर, तथा देश के अन्य हिस्सों में 998 पर संपर्क करने को कहा गया। अधिकारियों ने निवासियों से आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।
