Jaishankar in New York: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में एक हाई लेवल बैठक की मेजबानी की है। UNGA80 आयोजन के लिए अमेरिका पहुंचे जयशंकर ने इस दौरान न्यूयॉर्क में समान विचारधारा वाले वैश्विक दक्षिणी देशों की उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी की। उन्होंने इसको लेकर खुशी जाहिर की।
जयशंकर ने कहा, 'न्यूयॉर्क में आज #UNGA80 के मौके पर समान विचारधारा वाले ग्लोबल साउथ देशों की उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी करके खुशी हुई। चिंता और जोखिमों में बढ़ोतरी के इस दौर में, यह स्वाभाविक है कि ग्लोबल साउथ समाधान के लिए बहुपक्षीयता की ओर बढ़े।'
बैठक में किन मुद्दों पर रहा फोकस?
भारतीय विदेश मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विश्व मामलों से निपटने के लिए ग्लोबल साउथ के लिए कई प्रस्ताव रखे गए। जैसे:
- एकजुटता बढ़ाने और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्लोबल साउथ के देशों के बीच चर्चा को मजबूत करने के लिए मौजूदा मंचों का इस्तेमाल करें।
- अपनी खास खूबियों, अनुभव और उपलब्धियों को साझा करें, जो ग्लोबल साउथ के दूसरे देशों के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। वैक्सीन, डिजिटल क्षमता, शिक्षा, कृषि पद्धतियां और SME कल्चर इसके अच्छे उदाहरण हैं।
- जलवायु कार्रवाई और जलवायु न्याय जैसे क्षेत्रों में, ऐसे कदम उठाएं जो ग्लोबल साउथ के हित में हों, न कि ग्लोबल नॉर्थ के हितों को जस्टिफाई करने वाले हों।
- आने वाली टेक्नोलॉजी, खासकर AI की संभावनाओं पर चर्चा करें।
- संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षीय व्यवस्था में समग्र सुधार करें।
