Pakistan: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए एक ऑपरेशन में सुरक्षाकर्मियों ने पांच आतंकवादियों को ढेर कर दिया, जबकि दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग के अनुसार, यह ऑपरेशन बन्नू जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था। मारे गए आतंकवादी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिन्हें पाकिस्तान सरकार "फितना अल ख्वारिज" कहती है।
अंधाधुंध गोलीबारी
'फितना अल ख्वारिज' एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान की सरकार प्रतिबंधित टीटीपी के लिए करती है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मियों के एक काफिले को आतंकवादियों ने निशाना बनाया, जिसमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था।
अधिकारियों ने बताया कि एक गाड़ी में सवार आत्मघाती हमलावर को अग्रिम दस्ते ने रोक लिया, जिससे बन्नू शहर में नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों पर बड़े हमले की साजिश नाकाम हो गई। इसके बाद भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाकर्मियों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया।
दो जवानों की भी मौत
आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी से सुरक्षाकर्मियों के एक काफिले पर जोरदार टक्कर मारी, जिससे कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल शहजादा गुल फराज और सिपाही करामत शाह की मौत हो गई।
4 आतंकवादियों को मार गिराया
इससे पहले, सुरक्षाकर्मियों ने गुरुवार को 4 आतंकवादियों को मार गिराया था। सेना की मीडिया शाखा ने एक बयान के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर लक्की मारवत जिले में एक अभियान चलाया गया था, जहां पर आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। सुरक्षाकर्मियों ने प्रभावी ढंग से लक्ष्य को निशाना बनाया और गोलीबारी के बाद चार आतंकवादियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए थे। बयान में कहा गया था कि ये आतंकवादी इलाके में कई आतंकी गतिविधियों में संलिप्त थे।
