Maldives Foreign Minister China Visit: मालदीव एक बार फिर चीन का दरवाजा खटखटाने को तैयार है। इसी कड़ी में मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर आज से चीन की 4 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। अपनी यात्रा के दौरान मूसा जमीर अपने चीनी समकक्ष वांग यी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। मूसा जमीर की यात्रा इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले जब मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू चीन गए थे, तो उसके बाद उनके भारत के प्रति स्वर बदल गए थे।
दोनों देशों के बीच हो चुके है सैन्य समझौते
बता दें, नवंबर 2023 में मालदीव के विदेश मंत्री बनने के बाद मूसा जमीर की यह पहली चीन यात्रा होगी। मालदीव के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान मूसा जमीर उन प्रमुख चीनी कंपनियों के साथ चर्चा करेंगे, जिन्होंने मालदीव के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मालदीव के राष्ट्रपति की चीन यात्रा के दौरान दोनों देशों में एक सैन्य समझौता हुआ था।
चीन की ओर से मालदीव को मुफ्त सैन्य सहायता देने और मजबूत द्विपक्षीय रिश्तों की बात कही गई थी। चीन से सैन्य समझौते के बाद ही मालदीव के भारत के प्रति स्वर बदल गए थे और उसने भारत से अपने सैनिक वापिस बुलाने को कह दिया था। अब मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर की चीन यात्रा को लेकर भी ये कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों देश भारत के खिलाफ कोई नया प्लान बना सकते है।
