LPG Gas Crisis: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते रसोई गैस (LPG Cylinder) को लेकर चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है। लोग डर और जल्दबाजी में सिलेंडर की बुकिंग करा रहे हैं, जिसकी वजह से सिलेंडर एजेंसियों के बाहर कतारें दिखाई दे रही हैं। इस बीच, एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय ध्वज के साथ शिवालिक और नंदा देवी समंदर के रास्ते एलपीजी गैस की बड़ी खेप लेकर भारत आ रहा है।
जहाजरानी मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एलपीजी पोत 'शिवालिक' और 'नंदा देवी' के बारे में जानकारी साझा की। समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाजरानी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एलपीजी लेकर आ रहे भारतीय ध्वज वाले दो जहाज आज सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर गए।
LPG पोत कब आएंगे भारत
इस दौरान, उन्होंने एलपीजी पोत के भारत पहुंचने की समयसीमा भी बताई। उन्होंने बताया कि शिवालिक और नंदा देवी 16-17 मार्च को गुजरात के बंदरगाहों पर पहुंचेंगे।
MEA ने क्या कुछ कहा
इस बीच, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत आने वाले कुछ जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में कामयाब रहे हैं। दो भारतीय पोत शिवालिक और नंदा देवी होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं और अब भारत के बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं। इन दोनों जहाजों में से हर एक में 46,000 मीट्रिक टन से ज़्यादा एलपीजी मौजूद है और कुल मिलाकर 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी आ रही है। हमारे कई जहाज़ खाड़ी क्षेत्र में स्टैंडबाय पर हैं।
भारत में फंसे थे कई ईरानी नागरिक
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण उड़ानों में बड़े पैमाने पर व्यवधान हुआ, जिसकी वजह से कई ईरानी नागरिक भारत में फंस गए थे। इसके बाद ईरान के अधिकारियों ने एक चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की, जिससे इन फंसे हुए नागरिकों को वापस ले जाया गया। यह फ्लाइट कोच्चि से कल रात रवाना हुई। इसमें वे ईरानी नागरिक भी शामिल थे जो भारत में पर्यटक के रूप में आए थे या यहां राजनयिक के तौर पर तैनात थे।
