दुनिया

5100 से ज्यादा ग्लाइड बम, 3800 से अधिक ड्रोन और 260 मिसाइलें... माहभर में इतना बरपा कहर कि शोक में डूबा कीव

Russia-Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि जुलाई में रूस ने यूक्रेन के खिलाफ 5,100 से ज्यादा ग्लाइड बम, 3800 से ज्यादा ड्रोन और विभिन्न प्रकार की लगभग 260 मिसाइलें दागी थीं, जिनमें से 128 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं। बीते दिन कीव पर हुए हमले में पांच बच्चों समेत 31 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

Image

रूस ने कीव पर बरपाया कहर

Photo : AP

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में दोनों मुल्क शांति वार्ता करते हैं, पर इसका असर युद्ध के मैदान में कदापि देखने को नहीं मिलता है। दोनों देश एक-दूसरे पर अंधाधुंध ड्रोन और मिसाइलें दागते हैं जिसका दर्द दोनों देशों के लोग भूल नहीं पा रहे। हाल ही में रूस ने आसमान से कीव पर ऐसा कहर बरपाया जिसमें पांच बच्चों समेत 31 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

शोक में डूबा कीव

कीव में चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही है। राजधानी शोक में डूबी हुई है और वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को आधिकारिक शोक दिवस मनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि गुरुवार के हमलों में सबसे कम उम्र का पीड़ित दो वर्ष का था, तथा घायलों में 16 बच्चे शामिल हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2022 में शहर पर हवाई हमले शुरू होने के बाद से कीव पर एक ही हमले में मारे गए और घायल हुए बच्चों की यह सबसे अधिक संख्या है।

लगातार इमारतें हो रहीं तबाह

अधिकारियों ने बताया कि रूसी बमबारी से शहर में नौ मंजिला आवासीय इमारत का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया, जबकि 100 से अधिक अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें घर, स्कूल, किंडरगार्टन, चिकित्सा सुविधाएं और विश्वविद्यालय शामिल हैं। तीन साल से अधिक समय से जारी युद्ध के बाद नागरिक क्षेत्रों पर हमले बंद करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित पश्चिमी नेताओं के आह्वान को नजरअंदाज करते हुए रूस ने हाल के महीनों में यूक्रेनी शहरों पर अपने हमलों को बढ़ा दिया है।

माहभर में रूस ने बरपाया कहर

जेलेंस्की ने कहा कि जुलाई में रूस ने यूक्रेन के खिलाफ 5,100 से ज्यादा ग्लाइड बम, 3800 से ज्यादा ड्रोन और विभिन्न प्रकार की लगभग 260 मिसाइलें दागी थीं, जिनमें से 128 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देशों से रूस को रोकने के लिए उस पर और कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की अपनी अपील दोहराई, क्योंकि अमेरिका के नेतृत्व वाले शांति प्रयास विफल रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘क्रेमलिन (प्रतिबंधों) की प्रभावशीलता को चाहे जितना भी नकारे, वे काम कर रहे हैं और उन्हें और मजबूत होना चाहिए।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article