Joe Biden : बढ़ती उम्र का असर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पर लगातार देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में 81 साल के हो चुके बाइडेन के साथ सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनसे उनकी सेहत और याददाश्त पर सवाल उठे हैं। अब एक ताजा घटना ने इस धारणा को और मजबूत किया है कि वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं। दरअसल, एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह स्टेज पर एक महिला से बात करते हुए और फिर उसे किस करने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं लेकिन इसी बीच उनकी पत्नी जिल बाइडेन उन्हें आकर रोकती हैं। जिल को देखने पर बाइडेन को गलती करने का अहसास होता है। बाइडेन के हाव-भाव से ऐसा लगता है कि वह उस महिला को अपनी पत्नी समझ बैठे थे। बाइडेन का यह वीडियो किस समय का है, यह अभी पता नहीं चल पाया है।
जिल बाइडेन ने किस करने से रोका!
स्टेज पर महिला के साथ अंतरंग होने की बाइडेन की कोशिश को देखते हुए जिल तेजी के साथ बाइडेन की ओर बढ़ीं और उन्हें दूसरी तरफ ले गईं। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया में बाइडेन के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर फिर तरह-तरह की बातें होने लगी हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस घटना को हल्के के रूप में लिया तो कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह का बर्ताव करना उनके पद के साथ शोभा नहीं देता।
'अमेरिका के लोकतंत्र को आप ही बचा सकते हो'
खासतौर पर रिपब्लिकन पार्टी के समर्थक सोशल मीडिया पर बाइडेन का मजाक बनाने से नहीं चूक रहे। X पर डोनाल्ड ट्रंप समर्थक एक व्यक्ति ने लिखा, 'ऐसे ही आगे बढ़ते रहो जो! केवल आप ही हो जो अमेरिका के लोकतंत्र को बचा सकते हो!' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यह ज्यादा नहीं थोड़ी ओछी हरकत है। बाइडेन को राष्ट्रपति पद की रेस में बनाए रखें।' यह वीडियो ऐसे समय आया है जब डेमोक्रेट्स नेताओं के बीच बाइडेन को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाय या नहीं इस पर चर्चा हो रही है।
राष्ट्रपति पद की रेस से हटने का बाइडेन पर दबाव
सेहत, बहस में ट्रंप से पिछड़ने और रिपब्लिकन उम्मीदवार की बढ़ती रेटिंग को देखते हुए बाइडेन पर उम्मीदवार न बनने का दबाव बढ़ गया है। वह कोविड पॉजिटिव भी हो गए हैं। ऐसी चर्चा है कि अपनी सेहत का हवाला देते हुए वह खुद को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ से बाहर कर सकते हैं। बाइडेन की जगह उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को बाइडेन का विकल्प बनने की प्रबल संभावना के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, डेमोक्रेट पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए अभी किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। हैरिस के अलावा कई डेमोक्रेट्स नेता भी इस दौड़ में हैं।
