दुनिया

Fumio Kishida: भारत दौरे पर आए जापानी PM अचानक यूक्रेन के लिए रवाना, जेलेंस्की से करेंगे मुलाकात

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 21, 2023, 06:08 PM IST

बता दें कि जापानी किशिदा दो दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे थे। यहां उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर समझौते भी हुए।

Image

जापानी पीएम किशिदा अचानक यूक्रेन के लिए रवाना

Photo : IANS

Fumio Kishida : जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा एक आकस्मिक दौरे पर मंगलवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। जापान के सरकारी टेलीविजन चैनल एनएचके ने यह जानकारी दी। किशिदा ऐसे समय पर कीव आए हैं, जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग रूस पहुंचे और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस साल के आखिर में बीजिंग में होने जा रहे एक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया। शी ने मास्को में रूसी अधिकारियों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री किशिदा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक करेंगे।

रूस-यूक्रेन के बीच एक साल से अधिक समय से जारी युद्ध के बीच चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग की रूस यात्रा और ठीक इसी दौरान जापान के प्रधानमंत्री किशिदा के यूक्रेन पहुंचने को अहम माना जा रहा है। एनएचके के फुटेज में किशिदा को एक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर कुछ लोगों के साथ चलते देखा गया। किशिदा के साथ चल रहे लोग संभवत: यूक्रेन के अधिकारी थे।

वहीं, जापान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन यात्रा के दौरान किशिदा यूक्रेनी लोगों के साहस और धैर्य के प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे, जो राष्ट्रपति जेलेंस्की के नेतृत्व में अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जेलेंस्की के साथ बातचीत के दौरान किशिदा यूक्रेन पर आक्रमण और सेना के जरिए यथास्थिति में बदलाव के रूस के एकतरफा प्रयास को पूरी तरह से खारिज करेंगे और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे।

अचानक यूक्रेन रवाना हुए

भारत दौरे पर आए जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा यूक्रेन के लिए रवाना हुए थे। किशिदा यूक्रने के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की के साथ वार्ता के लिए मंगलवार तड़के कीव के लिए रवाना हुए। जापान के सार्वजनिक टेलीविजन एनएचके ने किशिदा को पोलैंड से कीव की ओर जाने वाली ट्रेन की सवारी करते हुए दिखाया। नई दिल्ली में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के कुछ ही घंटों बाद किशिदा की यूक्रेन यात्रा अचानक हुई।

किशिदा ने अब तक यूक्रेन का दौरा नहीं किया था

किशिदा मई में सात शिखर सम्मेलन के समूह की अध्यक्षता करने वाले एकमात्र जी-7 नेता हैं, जिन्होंने यूक्रेन का दौरा नहीं किया है। उन पर अपने देश में ऐसा करने का लगातार दबाव था। रूस पर प्रतिबंध लगाने और मॉस्को द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण करने पर यूक्रेन का समर्थन करने में जापान अन्य जी-7 देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। उम्मीद है कि किशिदा जेलेंस्की के साथ मुलाकात के दौरान यूक्रेन के लिए समर्थन की पेशकश करेंगे।

बता दें कि जापानी किशिदा दो दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे थे। यहां उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर समझौते भी हुए। पीएम मोदी उन्हें लेकर दिल्ली के बुद्धा जयंती पार्क भी गए और दोनों ने खान-पान का आनंद भी लिया। लेकिन आज खबर आई कि किशिदा अचानक ही यूक्रेन के लिए रवाना हो रहे हैं। उनकी भारत यात्रा दो दिनों की थी लेकिन वह एक दिन में ही लौट गए।

भारत-जापान वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का विस्तार

प्रधानमंत्री मोदी और उनके जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा ने सोमवार को भारत-जापान वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने का संकल्प लिया और कहा कि यह शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी सहयोग, व्यापार, स्वास्थ्य और डिजिटल साझेदारी पर विचारों का आदान प्रदान किया।
अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें