Iran Israel War: एक इजरायली अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान के विशेष नौसैनिक बल के कमांडर अलीरेजा तंगसिरी दक्षिणी ईरान में एक हमले में मारे गए हैं। युद्ध चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है और ईारन के एक और हाई-प्रोफाइल व्यक्ति हताहत हुआ है। ईरान के शक्तिशाली इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के नौसैनिक विंग के प्रमुख तंगसिरी की कथित तौर पर बंदर अब्बास बंदरगाह शहर में एक हमले में मौत हो गई।
इजराइली अधिकारी ने बताया कि कमोडोर तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की निगरानी के लिए जिम्मेदार थे। इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर ईरान के नियंत्रण ने मध्य पूर्व से तेल और गैस की आपूर्ति को बाधित कर दिया है। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह हत्या ईरान के सैन्य नेतृत्व, विशेष रूप से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण फारस की खाड़ी में उसके नौसैनिक अभियानों के लिए एक बड़ा झटका होगा।
अलीरेजा तंगसिरी कौन थे?
दक्षिणी ईरान के बुशहर प्रांत में जन्मे अलीरेजा तंगसिरी ने ईरान-इराक युद्ध और तथाकथित टैंकर युद्धों (1980 के दशक में ईरान के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका का पहला संघर्ष) के दौरान सेवा देने के बाद आईआरजीसी नौसेना में उच्च पदों पर आसीन हुए। तंगसिरी ने बंदर अब्बास में आईआरजीसी नौसेना के प्रथम नौसैनिक जिले की कमान संभाली और 2010 से 2018 तक उप कमांडर के रूप में काम किया, जिसके बाद उन्होंने प्रमुख पद की कमान संभाली।
तंगसिरी की कथित मौत 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से मारे गए वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की बढ़ती सूची में एक और नाम है, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर समन्वित सैन्य हमले शुरू किए थे।
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत से शुरुआत
सबसे पहले और सबसे बड़े नुकसानों में से एक था ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का मारा जाना। इसके बाद इस्लामी गणराज्य के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के पूरे समूह का सुनियोजित तरीके से सफाया किया गया। 17 मार्च को वरिष्ठ राजनेता और ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी तेहरान के बाहरी इलाके में इजरायली हमले में मारे गए। बताया जाता है कि इस बमबारी में उनके परिवार के सदस्य भी मारे गए।
कुछ दिनों बाद रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी, अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारे गए। उनकी मौत उस समय हुई जब कुछ घंटे पहले ही वे राष्ट्रीय टेलीविजन पर यह दावा कर रहे थे कि युद्धकालीन दबावों के बावजूद ईरान के पास मिसाइल उत्पादन की पूरी क्षमता है।
