ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनका एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने उनका एक वीडियो जारी किया है। हालांकि, इस वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं की गई है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई धार्मिक शिक्षा देते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब इजरायली मीडिया में मोजतबा खामेनेई की तबीयत बेहद खराब होने और उनकी हालत गंभीर होने की खबरें सामने आई थीं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उनकी हालत बेहद नाजुक है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पहली बार सामने आया वीडियो
Mehr News की ओर से जारी फुटेज में मोजतबा खामेनेई छात्रों के बीच धार्मिक विषय पर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था। यही वजह है कि इस फुटेज को उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति का निर्णायक सबूत नहीं माना जा सकता। मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने को लेकर पिछले कई महीनों से सवाल उठते रहे हैं। उनके सर्वोच्च नेता बनने के बाद से उनकी सार्वजनिक मौजूदगी बेहद सीमित रही है और उनकी ओर से अधिकतर संवाद लिखित बयानों के जरिए हुआ है।
इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के बाद जारी हुआ वीडियो
इजरायली मीडिया की हालिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व में मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता है। कुछ रिपोर्टों में तो उनकी हालत को 'बेहद गंभीर' तक बताया गया। ईरानी पक्ष की ओर से इन दावों को खारिज करने के प्रयास के तौर पर अब यह वीडियो सामने आया है। हालांकि, वीडियो पुराना है या हाल का, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मोजतबा खामेनेई की मौजूदा स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर यह फुटेज पूरी तरह विराम नहीं लगाता।
मोजतबा की गैरमौजूदगी से बढ़ा रहस्य
बता दें कि मोजतबा खामेनेई लंबे समय से सार्वजनिक मंचों से दूर हैं। उनकी गैरमौजूदगी के कारण उनकी सेहत और स्थान को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी हाल में कहा था कि मोजतबा खामेनेई से सीधे संवाद करना 'बहुत मुश्किल' है।
