दुनिया

सैन्य खुफिया चीफ ने मानी अपनी नाकामी, कहा-नहीं रोक पाए इजरायल पर 7 अक्टूबर वाला हमास का हमला, पद छोड़ा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 22, 2024, 02:42 PM IST

Israel-Hamas War: 7 अक्टूबर के हमास के इस हमले को इजरायल की खुफिया एजेंसी की बहुत बड़ी नाकामी के तौर पर देखा गया। अब सैन्य गुफ्तचर विभाग के प्रमुख अहरोन हलीवा ने माना है कि हमास के हमलों को वह रोक नहीं पाए।

Image

इजरायल हमास युद्ध

Photo : AP

Israel-Hamas War: फिलिस्तीन के चरमपंथी संगठन हमास ने गत सात अक्टूबर को इजरायल पर जमीन, हवा और समुद्र के जरिए भीषण हमला किया। हमास के इस हमले को देखकर दुनिया दंग रह गई। इस हमले पर इजरायल भी हैरान रह गया क्योंकि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खुफिया एजेंसियों में शुमार उसकी इंटेलिजेंस एजेंसी को इस हमले की भनक तक नहीं लगी। इसे इजरायल की खुफिया एजेंसी की बहुत बड़ी नाकामी के तौर पर देखा गया। अब सैन्य गुफ्तचर विभाग के प्रमुख अहरोन हलीवा ने माना है कि हमास के हमलों को वह रोक नहीं पाए। हलीवा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

पद छोड़ने वाले पहले बड़े अधिकारी

बता दें कि इजरायल के सैन्य खुफिया प्रमुख हलीवा, हमास के हमले संबंधी विफलता को लेकर पद छोड़ने वाले पहले वरिष्ठ इजराइली अधिकारी हैं। हलीवा ने अक्टूबर में कहा था कि उस हमले को नहीं रोक पाने की वह जिम्मेदारी लेते हैं, जिसने इजरायल की सुरक्षा में सेंध लगाई थी।

हमास ने बर्बरता की सारी हदें पार कीं

इन हमलों ने हमास ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। महिलाओं, बजुर्गों एवं बच्चों को उसने निशाना बनाया। कई घंटों तक चले उसके 'खूनी खेल' में करीब 1,200 इजरायली नागरिक मारे गए। यही नहीं, उसने 250 लोग जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और विदेशी नागरिक शामिल थे उन्हें बंधक बनाकर गाजा ले गया। अभी भी 129 बंधकों की रिहाई नहीं हो पाई है। इन बंधकों की रिहाई न होने पर इजरायल के लोगों का गुस्सा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ बढ़ता जा रहा है।

हमास को पहले हवाई हमलों से निशाना बनाया

सात अक्टूबर के हमले के बाद इजरायल ने पलटवार करना शुरू किया। नेतन्याहू ने देश से हमास के हर सदस्य को मार गिराने का वादा किया। हमले के कुछ दिनों के बाद इजरायल की वायु सेना ने पहले गाजा पर हवाई हमले शुरू किए। इन हमलों में हमास के ठिकानों एवं उसके सुरंगों को निशाना बनाया गया।

नेतन्याहू के तेवर अभी भी सख्त

हवाई कार्रवाई में हमास के कमजोर पड़ने के बाद आईडीएफ ने जमीनी कार्रवाई शुरू की। आईडीएफ की जमीनी कार्रवाई में हमास के साथ उसकी आमने-सामने की लड़ाई हुई। इजरायल और हमास के बीच लड़ाई 7वें महीने में प्रवेश कर गई है और यह अभी भी जारी है। अमेरिका के दखल एवं दबाव के बावजूद नेतन्याहू के तेवर नरम नहीं पड़े हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article