दुनिया

हमास ने इजराइल के खिलाफ छेड़ा युद्ध, इजराइली रक्षा मंत्री का दावा- हम जीतेंगे

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 7, 2023, 02:26 PM IST

Hamas Attacks On Israel: इजराइली रक्षा मंत्री ने कहा कि हमास ने इजराइल के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है, इसमें इजराइल की जीत होगी। बता दें, हमास की तरफ से भारी संख्या में रॉकेट दागे जाने और दक्षिणी इजराइल में उग्रवादियों की घुसपैठ के बाद इजराइल ने शनिवार सुबह 'युद्ध के लिए तैयार रहने' का संदेश जारी किया।

Image

हमास ने इजराइल के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है, इजराइली रक्षा मंत्री की पहली प्रतिक्रिया।

Israel Attacks News: इजराइल के रक्षा मंत्री ने शनिवार को कहा कि आतंकवादी समूह हमास ने इजराइल के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस युद्ध में इजराइल जीतेगा। तेल अवीव में इजराइली सैन्य मुख्यालय में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने चेतावनी दी कि हमास ने आज सुबह दक्षिणी और मध्य इजराइल में रॉकेट हमला करके बड़ी गलती की है।

इजराइल इस युद्ध में हासिल करेगा जीत- रक्षा मंत्री

गाजा पर शासन करने वाले उग्रवादी समूह हमास और इजराइल के बीच वर्षों में सबसे गंभीर तनाव में से एक में, हमास के बंदूकधारियों ने कई स्थानों पर सीमा पार कर इजराइल में घुसपैठ की। रक्षा मंत्री गैलेंट ने कहा, 'इजराइल इस युद्ध में जीत हासिल करेगा।' हमास की तरफ से भारी संख्या में रॉकेट दागे जाने और दक्षिणी इजराइल में उग्रवादियों की घुसपैठ के बाद इजराइल ने शनिवार सुबह 'युद्ध के लिए तैयार रहने' का संदेश जारी किया।

'युद्ध के लिए तैयार रहने' का सर्तकता संदेश जारी

हमास के रॉकेट हमले में एक महिला की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। रक्षा मंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने आईडीएफ की आवश्यकताओं के अनुसार आरक्षित सैनिकों के मसौदे को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सुरक्षा प्रतिष्ठानों के सभी प्रमुखों के साथ मौजूदा सुरक्षा हालात का जायजा लेने के लिए रक्षा मंत्रालय मुख्यालय रवाना हो गए हैं। इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक बयान में कहा कि चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं और कार्य योजनाओं को मंजूरी दे रहे हैं।

घायलों में से दो लोगों को आईं गंभीर चोटें

इजराइली सेना के बयान में कहा गया, 'आईडीएफ युद्ध के लिए तैयार रहने की स्थिति की घोषणा करता है। हमास... जो इस हमले के पीछे है, घटनाओं के परिणाम के लिए जिम्मेदार होगा।' बचाव एवं राहत सेवाओं के प्रभारी मैगन डेविड एडोम ने कहा कि आज सुबह दक्षिणी और मध्य इजराइल पर रॉकेट हमलों में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए। बचाव सेवा में लगे अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से दो लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं।

हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ ने क्या कहा?

आईडीएफ ने चेतावनी दी कि आज सुबह हमास की ओर से अचानक की गई कार्रवाई की उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इजराइली सेना ने कहा कि हमास ने आज सुबह रॉकेट हमले के साथ ही इजराइली क्षेत्र में आतंकी घुसपैठ की घटना को अंजाम दिया है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ ने एक बयान में कहा, 'हमने दुश्मन को अल-अक्सा मस्जिद के खिलाफ अपनी आक्रामकता जारी नहीं रखने की चेतावनी दी।' इजराइली सेना ने गाजा पट्टी के नजदीकी शहरों के निवासियों को अपने घरों में रहने और बाकी जनता को बम से बचाव वाले आश्रयों के पास रहने के निर्देश जारी किए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article