दुनिया

हादसा या हमला? इजरायल के मिसाइल कारखाने में जोरदार धमाका! ट्रंप ने शेयर किया VIDEO

इजरायल में स्थित तोमेर के कारखाने में हुए जोरदार धमाके ने इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह फैक्ट्री मिसाइल और रॉकेट इंजनों के निर्माण के लिए जानी जाती है, जो देश के हवाई सुरक्षा तंत्र की रीढ़ मानी जाती हैं। बताया जा रहा है कि इसी प्लांट में Arrow 2 और Arrow 3 जैसी बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर मिसाइलों के इंजन तैयार किए जाते हैं। इसके अलावा Barak 8 और Barak MX जैसी आधुनिक मिसाइलों के इंजन भी यहीं बनते हैं।

Image

इजरायल में स्थित तोमेर के कारखाने में हुआ जोरदार धमाका। AI IMAGE

इजरायल की हथियार निर्माता कंपनी 'तोमेर' (Tomer) के कारखाने में एक जोरदार धमाका हुआ है। धमाके से जुड़ी वीडियो को खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ सोशल के जरिए पोस्ट किया। यह विस्फोट इसलिए बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि तोमेर कंपनी इसराइल के सैन्य और हवाई सुरक्षा तंत्र की रीढ़ मानी जाने वाली मिसाइलों और रॉकेटों के इंजनों का विकास व निर्माण करती है।

इस कारखाने में इजरायल के सबसे आधुनिक और भारी-हल्के रॉकेट इंजनों को तैयार किया जाता है, जो देश की सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

फैक्ट्री में बनते हैं ये खतरनाक हथियार

जिस कारखाने में यह धमाका हुआ है, वहां इजरायल के हवाई सुरक्षा कवच (Air Defence System) के सबसे प्रमुख हथियारों, जैसे 'एरो 2' और 'एरो 3' मिसाइलों के प्रणोदन इंजन बनाए जाते हैं।

ये वही मिसाइलें हैं जो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने की क्षमता रखती हैं। इसके अलावा, इस फैक्ट्री में टारगेटेड 'सिल्वर एंकर'रॉकेट इंजन, अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले 'होराइजन' औद्योगिक उपग्रहों के इंजन, और इसराइल के प्रसिद्ध 'बराक 8' (Barak 8) व 'बराक एमएक्स' मिसाइलों के इंजनों का निर्माण भी किया जाता है।

फिलहाल इस विस्फोट की वजह से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी और धमाके के पीछे के असली कारणों की जांच की जा रही है।

इजरायली हमले में मारा गया हमास का सैन्य प्रमुख अल-हदाद

इससे पहले इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने शनिवार को दावा किया कि उन्होंने गाजा सिटी में एक सटीक हवाई हमले में हमास की सैन्य शाखा 'अल-कस्साम ब्रिगेड' के मुख्य कमांडर इज-अल-दीन अल-हदाद (Izz al-Din al-Haddad) को मार गिराया है। अल-हदाद उन आखिरी जीवित शीर्ष योजनाकारों में से एक था, जिसने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए विनाशकारी हमलों की रूपरेखा तैयार की थी। हमास के प्रवक्ता हाजेम कासिम ने सोशल मीडिया पर अल-हदाद के मारे जाने की पुष्टि की है।

मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद संभाली थी कमान

इजरायली सेना के मुताबिक, अल-हदाद ने अपने पूर्ववर्ती कमांडर मोहम्मद सिनवार के मारे जाने के बाद हमास के सैन्य विंग की कमान संभाली थी। वह हाल के दिनों में गाजा में हमास की लड़ाकू क्षमताओं को दोबारा खड़ा करने और इजरायली नागरिकों व सैनिकों पर नए हमलों की योजना बनाने में जुटा था। इजरायली सेना प्रमुख ने इस ऑपरेशन को एक बड़ी रणनीतिक कामयाबी बताया है और कहा है कि इजरायल अपने दुश्मनों का पीछा करना तब तक जारी रखेगा जब तक उन्हें उनके किए की सजा नहीं मिल जाती।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!