दुनिया

'इंटरसेप्टर मिसाइलों की कोई कमी नहीं...', इजरायल ने स्टॉक में भारी कमी वाली रिपोर्ट्स को किया खारिज

West Asia Conflict: अमेरिका-इजरायल का ईरान के साथ चल रहा युद्ध समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच, इजरायल ने बता दिया कि ईरान के खिलाफ हवाई सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंटरसेप्टर्स हैं।

Image

ईरान-इजरायल के बीच छिड़ा युद्ध

Photo : AP

West Asia Conflict: अमेरिका-इजरायल का ईरान के साथ चल रहा युद्ध समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक तरफ अमेरिका ने रविवार को साफ किया कि अगले कुछ हफ्तों में ईरान के साथ युद्ध समाप्त हो जाएगा तो वहीं इजरायल ने बता दिया कि ईरान के खिलाफ हवाई सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंटरसेप्टर्स हैं। दरअसल, ऐसा दावा किया जा रहा था कि इजरायल के पास एयर डिफेंस मिसाइल इंटरसेप्टर्स का स्टॉक कम हो गया है।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस (AP) के मुताबिक, इजरायल ने कहा कि उसके पास ईरान से आने वाली मिसाइलों को रोकने के लिए पर्याप्त इंटरसेप्टर मौजूद हैं। एपी ने एक इजरायली सैन्य सूत्र के हवाले से बताया कि देश की हवाई रक्षा प्रणाली के पास इतनी मिसाइलें हैं कि वह ईरान की तरफ से होने वाले हमलों के खिलाफ अपनी सुरक्षा जारी रख सके। यह बयान ऐसे समय आया है जब तेहरान के साथ चल रहा युद्ध तीसरे हफ्ते में पहुंच गया है और ईरान रोजाना मिसाइल और ड्रोन दाग रहा है।

बता दें कि इंटरसेप्टर वे मिसाइलें होती हैं जिन्हें इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली आने वाले रॉकेट या मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने के लिए इस्तेमाल करती है, ताकि वे आबादी वाले इलाकों तक न पहुंच सकें।

कब खत्म होगा युद्ध?

अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि ईरान के साथ जारी युद्ध अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है। एबीसी न्यूज के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि यह संघर्ष निश्चित रूप से अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा, और संभव है कि इससे पहले ही समाप्त हो जाए।'' उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद ऊर्जा आपूर्ति में फिर से बढ़ोतरी होगी और इसके कारण ऊर्जा की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article