दुनिया

ईरान से जंग के बीच इजरायल बढ़ा रहा अपनी सैन्य ताकत, F-35 और F-15IA की खरीद को दी मंजूरी

US Israel Defence Deal: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि इजरायल पहले से अधिक मजबूत है और उसे अपने दुश्मनों से हमेशा आगे रहना चाहिए।

Image

एफ-35 लड़ाकू विमान (फाइल फोटो)

Photo : AP

US Israel Defence Deal: ईरान और लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ जारी जंग के बीच इजरायल ने एक बड़े रक्षा खरीद सौदे को मंजूरी दी है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने रविवार को बताया कि इजरायल पहले से अधिक मजबूत है और उसे अपने दुश्मनों से हमेशा आगे रहना चाहिए। इसके लिए देश अपनी वायुसेना को आधुनिक एफ-35 और एफ-15आईए लड़ाकू विमानों से और सशक्त कर रहा है। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में घरेलू उत्पादन और तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी तेजी से बढ़ाया जा रहा है।

इजरायल ने उन्नत लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी देते हुए लॉकहीड मार्टिन (Lockheed Martin) और बोइंग (Boeing) से F-35 और F-15IA लड़ाकू विमानों के दो नए स्क्वाड्रन लेने की योजना को अंतिम स्वीकृति दे दी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह सौदा अरबों डॉलर का है और देश की सैन्य ताकत को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इजरायल की ताकत होगी सुदृढ़

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने हालिया बयान में देश की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर द‍िया। उन्होंने सैन्य ताकत बढ़ाने की बात पर बताया क‍ि हम दो स्क्वाड्रन आधुनिक लड़ाकू विमान ले रहे हैं, एफ-35 और एफ-15आईए। ये विमान इजरायल की जबरदस्त एयर पावर को और मजबूत करते हैं। ये ताकत 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' में साबित हो चुकी है और अब 'ऑपरेशन रोअरिंग लायन' में भी दिख रही है। हमारे पायलट ईरान के आसमान में कहीं भी पहुंच सकते हैं और जरूरत पड़ी तो वे इसके लिए तैयार हैं। हमारे पास बेहतरीन विमान हैं और शानदार पायलट भी।

उन्नत विमान विकसित करेगा इजरायल

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, आत्मनिर्भरता की बात करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा क‍ि मैंने देश में ही हथियार बनाने की क्षमता बढ़ाने के लिए निवेश का निर्देश दिया है। आने वाले दस वर्षों में हम रक्षा बजट में 350 अरब एनआईएस जोड़ेंगे, ताकि ये हथियार इजरायल में ही बनें और हमें बाहर के देशों पर निर्भर न रहना पड़े। साथ ही हम इजरायल में बने नए और उन्नत विमान भी विकसित करेंगे। इससे पूरी स्थिति बदल जाएगी।

उन्होंने कहा क‍ि जहां तक ड्रोन की बात है तो कुछ हफ्ते पहले मैंने ड्रोन खतरे से निपटने के लिए एक खास प्रोजेक्ट शुरू करने का आदेश दिया था। आज मुझे इसकी प्रगति रिपोर्ट दी जाएगी। इसमें समय लगेगा, लेकिन हम इस पर काम कर रहे हैं। हम हर क्षेत्र में इजरायल की बढ़त और ताकत बनाए रखेंगे। इजरायल पहले से कहीं ज्‍यादा मजबूत है और इजरायल को हमेशा हमारे दुश्मनों से काफी जयादा मजबूत होना चाहिए।

हिजबुल्लाह के 120 ठिकानों पर बरपाया कहर

दूसरी तरफ, हिज्‍बुल्लाह के साथ इजरायल का संघर्ष अभी भी जारी है। शन‍िवार को ही इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने हिज्‍बुल्लाह के लगभग 120 ठिकानों पर हमला किया। आईडीएफ के अनुसार, उसकी सेना ने हवाई हमलों के जरिए कई ठिकानों को निशाना बनाया और दक्षिणी लेबनान में आईडीएफ की सेना के पास सक्रिय आतंकियों को भी मार गिराया। इन हमलों में करीब 70 सैन्य इस्तेमाल वाली इमारतें और लगभग 50 हिजबुल्लाह के ढांचे नष्ट कर दिए गए, जो अलग-अलग इलाकों में थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article