Israel Strikes on Lebanon: इजरायल ने शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में पहाड़ी इलाकों पर जमकर बमबारी की। इजरायली सेना ने कहा कि यह हमला हिजबुल्लाह की संपत्तियों को निशाना बनाकर किया गया है। ईरान के साथ अभी युद्धविराम की घोषणा हुई ही थी कि अब इजरायल ने हिजबुल्लाह पर हवाई हमले तेज कर दिए।
लेबनान की सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया कि नाबातियेह के पहाड़ों पर दो बार हवाई हमले हुए और बंकर बस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं है। नवंबर में अमेरिका की मध्यस्थता में युद्धविराम के साथ 14 माह तक चला इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध समाप्त होने के बाद से इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर लगभग रोजाना हवाई हमले किए। हालांकि, शुक्रवार के हमले सामान्य से अधिक तीव्र थे।
हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि उसके लड़ाकू विमानों ने हिजबुल्लाह की साइट पर हमला किया, जो एक अहम भूमिगत परियोजना का हिस्सा है जिसे पूरी तरह से बंद किया गया था। इजरायली सेना ने कहा कि उसने हिजबुल्लाह द्वारा पुनर्वास प्रयासों की पहले ही पहचान कर ली थी और क्षेत्र में बुनियादी ढांचे वाली साइटों पर हमला किया।
सनद रहे कि युद्ध के दौरान हिजबुल्लाह को भारी नुकसान सहना पड़ा था। इस दौरान लेबनान में 4,000 से ज्यादा लोग मारे गए और 11 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था, जबकि इजरायल में 80 सैनिकों सहित 127 लोग मारे गए थे। युद्धविराम समझौते के तहते हिजबुल्ला को दक्षिणी लेबनान में इजरायल की सीमा से लगे इलाकों से दूर कर दिया गया।
