Israel Strikes Iranian TV Studio: ईरान-इजरायल युद्ध लगातार जारी है और एक-दूसरे पर मिसाइलों की बारिश हो रही है। इसी बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने सोमवार को बताया कि इजराइली हमले के बाद सरकारी टेलीविजन ने सीधा प्रसारण अचानक रोक दिया। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला एंकर आक्रमकता से इजरायल के खिलाफ कुछ बोल रही, तभी एक तेज धमाका होता है और स्टूडियो पूरी तरह हिल जाता है। महिला एंकर तुरंत वहां से भागती है।
धमाका होते ही भागी एंकर
इस वीडियो में दिख रहा है कि प्रोग्राम के बीच अचानक एक विस्फोट हुआ, जिससे पीछे की स्क्रीन कट गई और एंकर सबकुछ छोड़कर निकल भागी। बैकग्राउंड में चीख-पुकार साफ सुनी जा सकती है। इसके बाद पहले से रिकॉर्ड किए गए कार्यक्रमों का प्रसारण होने लगा। एक घंटे पहले इजराइल ने ईरान की राजधानी के उस क्षेत्र को खाली करने की चेतावनी जारी की थी जहां टीवी स्टूडियो स्थित हैं।
ईरान के मिसाइल हमले में 8 इजरायलियों की मौत
ईरान ने सोमवार को इजराइल पर मिसाइलों के जरिये फिर से सिलसिलेवार हमले किए, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, इजराइल ने तेहरान के कुछ हिस्सों के निवासियों को नये हमले से पहले इलाका खाली कर देने को कहा। यह चेतावनी संघर्ष के चौथे दिन आई, जब इजराइली सेना ने दावा किया कि उसने ईरान की राजधानी पर हवाई श्रेष्ठता हासिल कर ली है और वह बिना किसी बड़े खतरे का सामना किए शहर के ऊपर से उड़ान भर सकती है। सेना ने हमलों से पहले गाजा और लेबनान के कुछ हिस्सों में नागरिकों के लिए इसी तरह की निकासी की अपील की है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइल का तेहरान के आसमान पर नियंत्रण है और कहा कि उनका देश ईरानी परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल खतरों को नष्ट करने के अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की राह पर है। नेतन्याहू ने मध्य इजराइल में तेल नोफ एयरबेस की यात्रा के दौरान, तेहरान के हवाई क्षेत्र में आवाजाही की स्वतंत्रता का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूरे अभियान में एक बदलाव है।
