Iran Helicopter crash: ईरान में रविवार को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत हो गई है। वहींं उनके साथ हेलिकॉप्टर में सवार विदेश मंत्री व अन्य अधिकारियों ने अपनी जान गंवा दी।। यह दावा ईरानी मीडिया के हवाले से किया गया है। सोमवार को ईरान के प्रेस टीवी ने ट्वीट कर बताया कि बचाव दल ने राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर की पहचान कर ली है। ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि हादसे वाली जगह से सभी के शव मिल गए हैं। ईरान के रेड क्रिसेंट के प्रमुख ने का कहना है कि हादसे में ईरानी राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के सभी यात्री मारे गए।
बता दें, यह हादसा रविवार को करीब 3 बजे (भारतीय समयानुसार) हुआ, जब राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी अपने काफिले के साथ अजरबैजान से वापस लौट रहे थे। राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर में विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन, ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर और अन्य अधिकारी तथा अंगरक्षक भी यात्रा कर रहे थे। हादसे में सभी की मौत की आशंका है। राष्ट्रपति के काफिले के साथ दो हेलिकॉप्टर और भी थे, जो सुरक्षित वापस लौट आए। हालांकि, राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया।
घंटों की मशक्कत के बाद पहुंची रेस्क्यू टीमें
हेलिकॉप्टर क्रैश का पता चलते ही घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया। हालांकि, खराब मौसम, बारिश और तूफान के बीच बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लगा। केवल जमीनी दल ही वहां तक पहुंच सके। वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए तुर्की ने भी अपने नाइट विजन हेलिकॉप्टर के साथ तीन गाड़ियों को ईरान भेजा था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमला किया था।
