क्रिकेट

जोबर्ग सुपर किंग्स से जुड़े किरोन पोलार्ड, SA20 लीग में पूरा हुआ IPL वाला 16 साल पुराना सपना

SA20 लीग के लिए बुधवार को हुई नीलामी में जोबर्ग सुपर किंग्स ने 39 साल के कैरेबियाई ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड को अपनी टीम में शामिल किया है। जानिए कितने में नीलाम हुए किरोन पोलार्ड?

Image

किरोन पोलार्ड (फोटो क्रेडिट @JSKSA20 X)

'जोहान्सबर्ग: चेन्नई सुपर किंग्स का साल 2010 की आईपीएल नीलामी में जो सपना पूरा नहीं हो सका था वह बुधवार को SA20 लीग के 2027 के सीजन के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में पूरा हो गया। चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स ने वेस्टइंडीज के पूर्व टी20 कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड को SA20 लीग के आगामी सीजन के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। पोर्लार्ड को टीम में शामिल करने के लिए सीएसके परिवार को 16 साल लंबा इंतजार करना पड़ा। 39 वर्षीय पोर्लाड को अपने साथ जोड़ने के लिए जोबर्ग सुपर किंग्स ने 1.5 मिलियन रैंड लगभग 87 लाख रुपये खर्च किए हैं।

डुप्लेसी और रोल्स भी जुड़े

पोलार्ड के अलावा जोबर्ग सुपर किंग्स ने अपनी टीम में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फॉफ डुप्लेसी और 18 साल के जेसन रोल्स को शामिल किया है। डुप्लेसी के लिए 1.57 करोड़ रुपये और रोल्स के लिए 1.68 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

जोबर्ग सुपर किंग्स की पूरी टीम:

फॉफ डुप्लेसी, ल्यूस डू प्लॉय, मैथ्यू डिविलियर्स, डोनोवन फरेरा, डियान फॉरेस्टर, डुआन जेनसन, रिले रोसौव, जेनको स्मिट, प्रेनेलन सुब्रायेन और दयान गैलीम.

विदेशी खिलाड़ी: जेसन होल्डर, अकेल होसेन, जेम्स विंस, ब्लेसिंग मुजरबानी, किरॉन पोलार्ड और एंड्रीज गौस.

अंडर-23: जेरेन बाचर और जेसन राउल्स.

वाइल्डकार्ड: जेमी ओवरटन

अन्य टीमों ने इन खिलाड़ियों को खरीदा

नीलामी में एमआई केप टाउन ने शिमरॉन हेटमायर, वियान मुल्डर, ट्रेंट बोल्ट, डैनियल स्मिथ, लेहान बोथा और ओलिवर व्हाइटहेड को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं प्रिटोरिया कैपिटल्स ने टेम्बा बावुमा, रासी वान डेर डुसें, कीमो पॉल, अकीम ऑगस्टे और जोश ब्रीड को नीलामी में खरीदा। वहीं सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने नांद्रे बर्गर और क्रेग ओवरटन को खरीदा। डरबन सुपर जायंट्स और पार्ल रॉयल्स टीमों ने अपनी टीम पहले ही तैयार कर ली थी। इन दोनों टीमों ने ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article