दुनिया

ईरान के विदेश मंत्री अराघची अमेरिका के साथ तनाव के बीच जा रहे चीन, इस महीने जिनपिंग से मिलेंगे ट्रंप

यह मीटिंग ऐसे समय में हो रही है, जब इजरायल और अमेरिका द्वारा 28 फरवरी को शुरू किए गए संघर्ष को खत्म करने के लिए यूएस और ईरान के बीच बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला है।

Image

ईरान के विदेश मंत्री अराघची (फाइल फोटो)

ईरान और मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से हालात तनावपूर्ण होते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि सैयद अब्बास अराघची चीन के दौरे पर जा रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे से पहले ईरानी विदेश मंत्री बीजिंग पहुंच रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक छोटे बयान में कहा, 'इस दौरे के दौरान वह अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मिलकर आपसी संबंधों और इलाके और अंतरराष्ट्रीय विकास पर बात करेंगे।'

यह मीटिंग ऐसे समय में हो रही है, जब इजरायल और अमेरिका द्वारा 28 फरवरी को शुरू किए गए संघर्ष को खत्म करने के लिए यूएस और ईरान के बीच बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला है।

बीजिंग दूसरे देशों के अंदरूनी मामलों में दखल न देने की अपनी पुरानी नीति को अपना रहा है। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस महीने 14 और 15 मई को चीन के दौरे पर जाने वाले हैं। ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।

अराघची पाकिस्तान, रूस और ओमान के विदेश दौरे पर पहुंचे थे

इससे पहले अराघची पाकिस्तान, रूस और ओमान के विदेश दौरे पर पहुंचे थे। तीनों देशों के दौरे पर उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय हालातों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के साथ चल रहे झगड़े, उससे हुए नुकसान और ईरान के पक्ष को तीनों देशों के नेतृत्व के सामने रखा।

'जिससे इलाके में हमेशा के लिए शांति और स्थिरता बनी रहे'

दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त अरब अमीरात में नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की। पाकिस्तानी पीएम ने यूएई के लिए एकजुटता दिखाई। ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता में स्थायी तौर पर समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, ईरान और अमेरिका के बीच दो राउंड की बातचीत का कोई हल नहीं निकला। पीएम शहबाज ने सीजफायर को बनाए रखने की अपील की और लिखा, 'यह बहुत जरूरी है कि सीजफायर को बनाए रखा जाए और उसका सम्मान किया जाए, ताकि बातचीत के लिए जरूरी कूटनीतिक जगह मिल सके, जिससे इलाके में हमेशा के लिए शांति और स्थिरता बनी रहे।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article