दुनिया

अमेरिका के साथ युद्ध फिर से शुरू हुआ तो क्षेत्रीय तेल उद्योग कर देंगे बर्बाद, IRGC ने फिर खाड़ी देशों को धमकाया

Iran US War: ईरान-अमेरिका के बीच महीने भर तक चले युद्ध में खाड़ी देशों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने हर उस देश को निशाना बनाया है जहां अमेरिका के सैन्य बेस हैं।

Image

ईरान ने फिर खाड़ी देशों को धमकाया

Photo : AP

Iran US War: ईरान के एक वरिष्ठ कमांडर ने मंगलवार को धमकी दी कि अगर अमेरिका के साथ युद्ध फिर से शुरू होता है तो वे क्षेत्र के तेल उद्योग को बर्बाद कर देंगे। ईरानी मीडिया से बातचीत में रेवोल्यूशनरी गार्ड के एयरोस्पेस प्रमुख जनरल माजिद मूसावी ने कहा कि ईरान के खिलाफ आक्रामकता करना एक गलती होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पड़ोसी देश अमेरिका को हमले करने की अनुमति देते हैं तो क्षेत्र के तेल भंडारों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा, अगर दक्षिणी पड़ोसी दुश्मन को ईरान पर हमला करने के लिए अपने भंडारों का इस्तेमाल करने देते हैं, तो उन्हें मध्य पूर्व क्षेत्र में तेल उत्पादन को अलविदा कह देना चाहिए।

खाड़ी देशों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा

बता दें कि ईरान-अमेरिका के बीच महीने भर से अधिक समय तक चले युद्ध में खाड़ी देशों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने हर उस देश को निशाना बनाया है जहां अमेरिका के सैन्य बेस हैं। ईरान ने कुवैत, ओमान, सऊदी अरब, कतर, यूएई जैसे देशों को निशाना बनाया और न सिर्फ तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमले किए बल्कि एयरपोर्ट और रिहायशी इलाकों पर भी हमले किए। सऊदी अरब की अरामको जैसी तेल कंपनी भी ड्रोन हमले से बच न सकी। ईरान ने हर जगह तबाही मचाई और ये देश उसे जवाब भी न दे सके। अमेरिका के भरोसे बैठे इन खाड़ी देशों को इस युद्ध की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। एक तरह से ईरान ने खुद को इस क्षेत्र का सुपरबॉस साबित कर दिया।

डोनाल्ड ट्रंप ने किया सीजफायर बढ़ाने का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ा रहे हैं, जबकि तेहरान से एक एकीकृत प्रस्ताव की प्रतीक्षा की जा रही है। अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखी है। यह कदम ऐसे समय आया है जब व्हाइट हाउस ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ईरान के साथ दूसरे दौर की युद्धविराम वार्ता के लिए पाकिस्तान यात्रा स्थगित कर दी है, क्योंकि ईरान ने आगे की बातचीत से इनकार कर दिया है। लेकिन ट्रंप ने चेतावनी दी कि अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखेगी।

बुधवार को समाप्त होने वाला था युद्धविराम

ट्रंप ने यह घोषणा ऐसे समय की जब दो सप्ताह का युद्धविराम बुधवार को समाप्त होने वाला था और युद्धविराम वार्ता की स्थिति अनिश्चित होती जा रही थी। दोनों देशों ने कहा था कि अगर कोई समझौता नहीं होता है तो वे लड़ाई फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि वह युद्धविराम को तब तक बढ़ाएंगे जब तक कि उनका प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किया जाता और बातचीत किसी भी तरह से समाप्त नहीं हो जाती।

विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को पहले कहा था कि ईरान ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह पाकिस्तान में होने वाली वार्ता में शामिल होगा या नहीं, और वह तभी भाग लेगा जब तेहरान को विश्वास होगा कि वार्ता से परिणाम निकलेंगे। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान में कम से कम 3,375 और लेबनान में 2,290 से अधिक लोग मारे गए हैं। इसके अलावा, इजराइल में 23 और खाड़ी अरब देशों में एक दर्जन से अधिक लोग मारे गए हैं। लेबनान में 15 इजराइली सैनिक और पूरे क्षेत्र में 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article