Iran Counter on US Attack Warning: ईरान के सरकारी मीडिया ने रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के एक बयान की रिपोर्ट दी है, जिसमें कहा गया है कि अगर US ने आम लोगों की सुविधाओं पर हमला किया, तो वह भी वैसा ही जवाब देने में जरा भी नहीं हिचकिचाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर राज़ी नहीं होता, तो वह कुछ ही घंटों में ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमला कर देंगे।
बयान में कहा गया है, 'हम अमेरिका और उसके साथियों के इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ऐसा कुछ करेंगे, जिससे वे और उनके सहयोगी इस इलाके के तेल और गैस से कई सालों तक महरूम रह जाएंगे।'
इसमें आगे कहा गया है, 'अमेरिकी नेताओं में यह अंदाजा लगाने की काबिलियत नहीं है कि अगर उन्होंने हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया, तो हमारे लड़ाकू विमानों की जद में कौन-कौन सी अहम चीजें आ जाएंगी।' उन्होंने आगे कहा कि 'अगर US की सेना ने हमारी 'रेड लाइन' पार की, तो हमारा जवाब इस इलाके से भी आगे तक जाएगा।'
'ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है'
गौर हो कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में धमकी देते हुए कहा था कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान तय समय से पहले अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है और यह मंगलवार रात भी हो सकती है।
समयसीमा के खत्म होने से पहले ईरान के खर्ग द्वीप पर हमला
युद्धविराम और होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा के खत्म होने से पहले ईरान के खर्ग द्वीप पर हमला हुआ है। ईरान की सरकारी मीडिया मेहर न्यूज एजेंसी ने ये दावा किया है। ईरानी मीडिया ने बताया कि आज सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित महत्वपूर्ण खर्ग द्वीप के क्षेत्र में एक बड़े विस्फोट की सूचना मिली है।
द्वीप पर कई विस्फोटों की आवाज भी सुनी गई है
टेलीग्राम पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि अमेरिकी और इजरायली दुश्मनों ने खर्ग द्वीप पर कई हमले किए हैं। द्वीप पर कई विस्फोटों की आवाज भी सुनी गई है। बता दें कि खर्ग द्वीप ईरान का छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण द्वीप है जहां से लगभग 90% तेल निर्यात होता है। फारस की खाड़ी में स्थित यह द्वीप देश की oil lifeline माना जाता है। यहां बड़े ऑयल टर्मिनल और स्टोरेज सुविधाएं हैं जहां से सुपर टैंकर सीधे तेल लेकर जाते हैं। कड़ी सुरक्षा के कारण इसे forbidden island भी कहा जाता है।
तेहरान पर लगातार तीव्र हवाई हमले हो रहे हैं
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से ईरान की राजधानी तेहरान पर लगातार तीव्र हवाई हमले हो रहे हैं। इनमें पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित संभावित हथियार भंडार और रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया है।
