दुनिया

Iran-US War: ईरान के खर्ग द्वीप पर हमला; ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने से पहले सुनी गई विस्फोटों की आवाज

Iran-US War: अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में धमकी देते हुए कहा था कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान तय समय से पहले अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है और यह मंगलवार रात भी हो सकती है।

Image

ईरान का खर्ग द्वीप। (फोटो- प्लैनेट लैब्स पीबीसी वाया एपी)

Iran-US War: युद्धविराम और होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा के खत्म होने से पहले ईरान के खर्ग द्वीप पर हमला हुआ है। ईरान की सरकारी मीडिया मेहर न्यूज एजेंसी ने ये दावा किया है। ईरानी मीडिया ने बताया कि आज सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित महत्वपूर्ण खर्ग द्वीप के क्षेत्र में एक बड़े विस्फोट की सूचना मिली है।

टेलीग्राम पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि अमेरिकी और इजरायली दुश्मनों ने खर्ग द्वीप पर कई हमले किए हैं। द्वीप पर कई विस्फोटों की आवाज भी सुनी गई है।

बता दें कि खर्ग द्वीप ईरान का छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण द्वीप है जहां से लगभग 90% तेल निर्यात होता है। फारस की खाड़ी में स्थित यह द्वीप देश की oil lifeline माना जाता है। यहां बड़े ऑयल टर्मिनल और स्टोरेज सुविधाएं हैं जहां से सुपर टैंकर सीधे तेल लेकर जाते हैं। कड़ी सुरक्षा के कारण इसे forbidden island भी कहा जाता है।

खर्ग द्वीप क्यों है ईरान की जान?

ईरान के बुशहर प्रांत के पास तट से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित यह छोटा द्वीप ईरान के कच्चे तेल निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा संभालता है, जिससे यह ईरान की इकोनमी का एक अहम स्तंभ और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के लिए राजस्व का एक प्रमुख स्रोत बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वाशिंगटन हवाई हमलों से आगे बढ़कर दबाव बढ़ाना चाहता है, तो खर्ग द्वीप के तेल बुनियादी ढांचे पर कब्जा करना या उसे बर्बाद करके ईरान को सबसे बड़ी चोट पहुंचा सकता है। लेकिन इसमें एक खतरा भी है। वैश्विक एनर्जी सप्लाई चेन में इसकी केंद्रीय भूमिका के कारण, द्वीप पर किसी भी हमले से अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है।

    अल्बोर्ज प्रांत में हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत

    इससे पहले, ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तर पश्चिमी अल्बोर्ज प्रांत में हुए एक हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी है। ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि इस हमले में 24 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, तुरंत यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले में किसे निशाना बनाया गया था।

    गौरतलब है कि बीते कुछ समय से ईरान की राजधानी तेहरान पर लगातार तीव्र हवाई हमले हो रहे हैं। इनमें पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित संभावित हथियार भंडार और रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया है।

    आईडीएफ का भी हमले का दावा

    वहीं,आईडीएफ ने भी नया वीडियो जारी कर दावा किया कि उसने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम पर हवाई हमले किए हैं। सेना ने कहा कि अब तक ईरान के 130 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया गया है।

    कल ट्रंप ने दी थी धमकी

    इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में धमकी देते हुए कहा था कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान तय समय से पहले अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है और यह मंगलवार रात भी हो सकती है। उन्होंने मंगलवार रात 8 बजे (वाशिंगटन समय और भारत में बुधवार सुबह 5:30 बजे )तक की डेडलाइन तय की है।

    Shiv Shukla
    शिव शुक्लाauthor

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

    और पढ़ें
    End of Article