एजुकेशन

डिजिटल युग में संवैधानिक अधिकार, निजता से लेकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तक क्या कहता है कानून?

Constitution Day 2026: डिजिटल के इस दौर में जहां अधिकांश कार्य लोग ऑनलाइन पूरे कर रहे हैं, वहां एक सवाल उठता है कि हमारे संवैधानिक अधिकारों की सीमा और सुरक्षा क्या है? इस पर हमारा कानून क्या कहता है।

Image

Constitution Day 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

Constitution Day 2026: आज हमारे दैनिक जीवन का बड़ा हिस्सा स्मार्टफोन, सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप्स, ई-कॉमर्स और ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ा है। पढ़ाई और नौकरी से लेकर बैंकिंग और जनसंवाद तक हर काम डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रहा है। तेजी से बदलते हुए इस दौर के बीच एक सबसे अहम सवाल यह उठता है कि इंटरनेट और मोबाइल स्क्रीन की इस दुनिया में हमारे संवैधानिक अधिकारों की सीमा और सुरक्षा क्या है? भारतीय संविधान ने नागरिकों को गरिमा, स्वतंत्रता और समानता समेत जो मूल अधिकार दिए हैं, वे केवल कागज के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बदलते समय के साथ डिजिटल स्पेस में भी प्रासंगिक यानी रिलेवेंट बने हुए हैं। आज संविधान दिवस पर आइए जानते हैं कि डिजिटल युग में निजता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अन्य संवैधानिक अधिकारों को लेकर कानून क्या कहता है।

निजता का अधिकार और डेटा सुरक्षा

डिजिटल की इस दुनिया में शॉपिंग से लेकर विभिन्न कार्यों तक के लिए लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करना पसंद रहे हैं। ऐसे में हमारी लोकेशन, सर्च हिस्ट्री, खरीदारी, स्वास्थ्य जानकारी और डिजिटल पहचान का डेटा लगातार बनता है और शेयर होता है। इस दौरान कई व्यक्तिगत जानकारी भी शेयर होती है और हमारी सुरक्षा और निजता पर असर होता है।

भारतीय न्यायिक व्याख्याओं के तहत निजता का अधिकार जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार यानी अनुच्छेद 21 का अभिन्न अंग माना गया है। इसमें व्यक्तिगत जानकारी, स्वायत्तता और गरिमा की सुरक्षा शामिल है। ऑनलाइन दुनिया को और तेजी से शेयर होते डाटा को देखते हुए सुरक्षा, सहमति, डेटा मिनिमाइजेशन और नागरिकों के अधिकारों को लेकर भारतीय कानून व आईटी नियमों के तहत जिम्मेदारियां तय की गई हैं। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कानून के तहत अनधिकृत एक्सेस, डेटा चोरी या संवेदनशील जानकारी के दुरुपयोग पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बनाम जिम्मेदारियां

सोशल मीडिया, ब्लॉग, कमेंट सेक्शन और ऑनलाइन चर्चाओं ने हर नागरिक को अपनी बात रखने का मंच दिया है, लेकिन इसके साथ कानूनी सीमाएं भी जुड़ी हैं। इसे अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत नागरिकों को विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है, जो ऑनलाइन माध्यमों पर भी लागू होता है। लेकिन बता दें कि यह स्वतंत्रता असीमित नहीं है।

संप्रभुता और अखंडता, राज्य की सुरक्षा, लोक व्यवस्था, शिष्टाचार या सदाचार, मानहानि, न्यायालय की अवमानना या किसी अपराध के लिए उकसाने जैसे आधारों पर कानून के तहत उचित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके साथ ही आपको बता दें कि सोशल मीडिया व डिजिटल मध्यस्थों के लिए भी शिकायत निवारण, कानून प्रवर्तन के साथ सहयोग और गैरकानूनी या हानिकारक सामग्री को लेकर भी नियम लागू किए गए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -कैसे करता है Constitution भारत की विविधता की रक्षा

समानता, डिजिटल पहुंच और गरिमा के अन्य पहलू

डिजिटल का ये युग केवल बोलने और डेटा तक सीमित नहीं है, यह ऑनलाइन उत्पीड़न, फेक न्यूज के अवसरों से भी जुड़ा हुआ है। आपने आय दिन खबरों में स्टॉकिंग, पहचान की चोरी (identity theft), वित्तीय धोखाधड़ी और छवि खराब करने वाले मामलों के बारे में जरूर सुना होगा। इस तरह की घटनाओं के लिए भारतीय न्याय व आईटी कानूनी प्रावधान नागरिकों को संरक्षण देते हैं। वहीं, भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों के प्रसार से कानून-व्यवस्था या जनहित को नुकसान पहुंचने पर इनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है।

क्यों जरूरी है डिजिटल नागरिकता और संवैधानिक संतुलन?

एक स्वस्थ डिजिटल लोकतंत्र के लिए दो चीजों का संतुलन जरूरी है। पहला, राज्य या किसी निजी संस्था द्वारा नागरिकों की निजता व अभिव्यक्ति का अनुचित हनन न हो और दूसरा, नागरिक अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए कानून, तथ्यों की सत्यता और दूसरों की गरिमा का सम्मान करें। इस संतुलन से व्यक्ति को बात रखने का अधिकार भी मिलता है और उसकी निजता भी बरकरार रहती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article