दुनिया

इजराइल की धमकी के बाद ईरान ने मशहद में रोकी ट्रेन सर्विस, विरासत बचाने पहुंच गया UNESCO

ईरान ने इजराइल की धमकी के बाद मशहद शहर में रेलवे सेवा रोक दी है। इजराइल ने धमकी दी है कि वो अब ईरान की ट्रेनों को निशाना बनाएगा। जिसके बाद ईरान UNESCO पहुंच गया है।

Image

अमेरिकी हमले में तबाह हुआ ईरानी ब्रिज (फोटो-AP

इजराइल की धमकी का असर अब ईरान पर दिखने लगा है। ईरान (Iran) ने अब अपनी रेल सेवा को रोकना शुरू कर दिया है। यही नहीं अपनी रेलवे को बचाने के लिए ईरान, यूनेस्को (UNESCO) तक पहुंच गया है। दरअसल इजराइल ने धमकी दी है कि वो ईरान की रेलवे को निशाना बनाएगा, जिसके बाद से ईरान में हड़कंप मचा हुआ है।

ईरान ने कहां रोकी ट्रेन सेवा

ईरान ने मशहद में रेल सेवाएं निलंबित कर दी हैं। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मशहद के गवर्नर ने शहर के सेंट्रल रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की है। मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, सभी निर्धारित ट्रेनों को रद्द करने का यह कदम एक एहतियाती उपाय है, जो "अगली सूचना तक" लागू रहेगा।

UNESCO को ईरान ने क्यों लिखा खत?

ईरान की ओर से यूनेस्को को खत लिखा गया है। जिसमें ईरान के रेल सिस्टम को उड़ाने की इजरायली धमकी की आलोचना करने को कहा गया है। सांस्कृतिक विरासत मंत्री ने यूनेस्को महानिदेशक को ये आधिकारिक चिट्ठी लिखी है। दरअसल, ईरान के 1,394 किलोमीटर लंबे ट्रांस-ईरानी रेलवे को यूनेस्को ने 2021 में विश्व धरोहर के तौर पर मान्यता दी गई है। ईरान की आईएसएनए न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि ईरान के सांस्कृतिक विरासत मंत्री रेजा सलीही अमीरी ने यूनेस्को के महानिदेशक को एक आधिकारिक चिट्ठी भेजी है, जिसमें यूएन एजेंसी से देश के रेलवे सिस्टम पर हमले की इजरायल की धमकी की निंदा करने और इस पर रोक लगाने की अपील की है।

ट्रांस-ईरानी रेलवे है वैश्विक धरोहर

यूनेस्को की वेबसाइट के मुताबिक, 1,394 किलोमीटर लंबे ट्रांस-ईरानी रेलवे को, जो उत्तर-पूर्व में कैस्पियन सागर को दक्षिण-पश्चिम में फारस की खाड़ी से जोड़ता है, यूनेस्को ने 2021 में “इसके बड़े आकार और खड़ी चढ़ाई वाले रास्तों और दूसरी मुश्किलों को पार कर इंजीनियरिंग के मिसाल” सिस्टम को वर्ल्ड हेरिटेज साइट के तौर पर मान्यता दी थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article