शादी की रस्मों में हल्दी का फंक्शन सबसे रंगीन और मस्ती भरा होता है। इस दिन दुल्हन का लुक ऐसा होना चाहिए, जो तस्वीरों में भी खूबसूरत दिखे और पहनने में आरामदायक भी रहे। हल्दी के लिए ज्यादातर लड़कियां पीले रंग का लहंगा चुनती हैं। लेकिन सिर्फ खूबसूरत लहंगा पहन लेने से पूरा लुक तैयार नहीं होता। असली खेल तो सही ज्वेलरी चुनने का है। कई बार गलत रंग की ज्वेलरी अच्छे से अच्छे आउटफिट की चमक कम कर देती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें : शादी-पार्टी में न्यूड लिप्स को दें ग्लॉसी टच, फॉलों करें 5-स्टेप लिप कॉम्बो
वहीं सही कलर कॉम्बिनेशन बेसिक से लहंगे को भी खास बना सकता है। अगर आप भी इस हल्दी सीजन में पीला लहंगा पहनने वाली हैं, तो गोल्डन ज्वेलरी के अलावा कुछ दूसरे ट्रेंडी रंगों को भी आजमा सकती हैं। देखें येलो कलर के साथ कंट्रास्ट में कौनसे रंग की ज्वेलरी ट्रेंडी है।
1. ग्रीन ज्वेलरी
पीले लहंगे के साथ एमराल्ड ग्रीन ज्वेलरी बेहद खूबसूरत लगती है। पीले और हरे रंग का कॉम्बिनेशन आंखों को अच्छा लगता है। आप ग्रीन बीड्स वाला चोकर, लंबे ईयररिंग्स या कुंदन सेट पहन सकती हैं। अगर लहंगा सिंपल है, तो ग्रीन ज्वेलरी आपके पूरे लुक में रंग भर देगी। यह हल्दी की तस्वीरों के लिए भी शानदार विकल्प है।
2. पर्ल ज्वेलरी
अगर आपको बहुत ज्यादा चमक-दमक पसंद नहीं है, तो पर्ल ज्वेलरी चुनें। सफेद मोतियों का हल्का रंग पीले लहंगे के साथ काफी सुंदर लगता है। पर्ल चोकर, झुमके और हाथों में मोतियों वाले कंगन पहनकर आप एक सॉफ्ट ब्राइडल लुक पा सकती हैं।
3. पिंक ज्वेलरी
पीले लहंगे के साथ रानी पिंक या सॉफ्ट पिंक ज्वेलरी भी अच्छी लगती है। खासकर फ्लोरल ज्वेलरी में यह कॉम्बिनेशन बहुत प्यारा नजर आता है। आप गुलाबी फूलों वाला मांगटीका, ईयररिंग्स और हाथफूल पहन सकती हैं।
4. गोल्डन ज्वेलरी
अगर आप पारंपरिक लुक पसंद करती हैं, तो गोल्डन ज्वेलरी से बेहतर विकल्प मुश्किल है। पीले लहंगे के साथ गोल्डन झुमके, चूड़ियां और नेकलेस खूबसूरत लगते हैं। यह कॉम्बिनेशन कभी फैशन से बाहर नहीं होता।
5. लाल और पर्पल
इन दिनों लाल और पर्पल रंग की ज्वेलरी के कॉम्बिनेशन्स भी काफी ज्यादा ट्रेंडी हैं। पीले रंग के लहंगे के साथ एकदम ही कंट्रास्ट वाली ये ज्वेलरी शेड्स काफी सुंदर लगेंगी।
ज्वेलरी खरीदते समय लहंगे के शेड और कढ़ाई को जरूर देखें। हल्के पीले लहंगे के साथ पेस्टल और पर्ल ज्वेलरी अच्छी लगती है, जबकि मस्टर्ड या गहरे पीले रंग के साथ एमराल्ड ग्रीन और गोल्डन रंग खूब जंचते हैं। अगर नेकलेस भारी है, तो ईयररिंग्स हल्के रखें।
