आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी OPD अपॉइंटमेंट लेने के लिए 1800-1800-4444 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। यह आयुष्मान संपर्क हेल्पलाइन नंबर है।
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए पहले से अपॉइंटमेंट मिल सकता है। इससे अस्पताल पहुंचने के बाद लंबा इंतजार करने की परेशानी कम होगी। खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी है, जिन्हें बार-बार अस्पताल जाना पड़ता है या डॉक्टर से नियमित चेकअप कराना होता है। हालांकि, अपॉइंटमेंट लेते समय अस्पताल और उपलब्ध समय की जानकारी जरूर हासिल कर लें।
अगर आपको अभी तक यह जानकारी नहीं है कि आप आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी हैं या नहीं, तो इसे भी घर बैठे चेक कर सकते हैं। इसके लिए आप आयुष्मान भारत ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा नेशनल हेल्थ अथॉरिटी की आधिकारिक वेबसाइट beneficiary.nha.gov.in पर जाकर भी अपनी पात्रता की जानकारी हासिल की जा सकती है। इससे आपको पता चल जाएगा कि आप इस योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा पाने के योग्य हैं या नहीं।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को हुई थी। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज के खर्च से राहत देना है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाती है। यानी पात्र लाभार्थी सूचीबद्ध अस्पतालों में तय नियमों के मुताबिक बिना पैसे दिए इलाज करा सकते हैं।
इस योजना के तहत सिर्फ अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की सुविधा ही नहीं मिलती, बल्कि इलाज से जुड़े कई दूसरे खर्च भी कवर किए जाते हैं। इनमें अस्पताल में भर्ती होने, डॉक्टर की सलाह, जांच, दवाइयों और अस्पताल में रहने-खाने जैसे खर्च शामिल हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान बड़ी आर्थिक राहत मिलती है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री वय वंदना योजना की सुविधा भी शुरू की गई है। इसकी खास बात यह है कि इसमें बुजुर्गों की पात्रता उनके आर्थिक स्टेटस के बजाय उम्र के आधार पर तय होती है। देश में 70 साल या उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्ग इस योजना के लिए पात्र हैं। उन्हें भी हर साल 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज का लाभ मिलता है।