Mojtaba Khamenei Health Update: ईरान में आखिर कौन युद्ध चला रहा है? ये सवाल क्यों उठ रहा है, ये आपको नीचे पता चलेगा। दरअसल, एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के नवनियुक्त सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कथित तौर पर कोमा में हैं और एक हवाई हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने अपना कम से कम एक पैर खो दिया है। बड़ी बात ये कि इसी हमले में उनके पिता की भी मौत हो गई थी, हालंकि, इस बात की पुष्टि को लेकर तथ्य की जांच चल रही है। तो ऐसे में वे हमले के दौरान एक साथ थे, जहां वे अभी घायल बताए जा रहे हैं और कोमा में है।
'द सन' की रिपोर्ट में बताया गया कि मारे गए अयातुल्ला अली खामेनेई के 56 वर्षीय बेटे को गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल उनका इलाज तेहरान में चल रहा है। 'द सन' द्वारा क्वोट किए गए सूत्रों ने दावा किया कि नए नेता ने 'कम से कम एक पैर गंवा दिया है और उन्हें पेट या लिवर में भी गंभीर चोट लगी है।'
क्या हमले के वक्त बाप-बेटे एक साथ थे?
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह साफ नहीं है कि क्या मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को हुए उसी हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके 86 साल के पिता की मौत हो गई थी। लेकिन रिपोर्ट में यह भी जोड़ा गया है कि वह अभी ईरान की युद्ध रणनीति को निर्देशित नहीं कर रहे हैं, जिस पर वैश्विक ऊर्जा बाजारों में उथल-पुथल मचाने का आरोप है। यानी यह स्पष्ट किया गया है कि कोमा में होने के चलते या किसी भी और कारण से वह अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे युद्ध को लीड नहीं कर रहे हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच चल इलाज
'द सन' के अनुसार, खामेनेई का इलाज तेहरान के सीना यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है। रिपोर्ट में ईरानी राजधानी के एक सूत्र का हवाला दिया गया है, जिसने बताया कि नेता की हालत बहुत गंभीर है। सूत्र ने 'द सन' को बताया, 'उनके एक या दोनों पैर काट दिए गए हैं। उनके लिवर या पेट को भी भारी नुकसान हुआ है। ऐसा लगता है कि वह कोमा में भी हैं।'
सूत्रों का दावा है कि जिस अस्पताल यूनिट में नेता का इलाज चल रहा है, उसे सील कर दिया गया है और कड़ी सुरक्षा घेरे में रखा गया है, जबकि डॉक्टर गहन चिकित्सा उपचार जारी रखे हुए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अनुभवी ट्रॉमा सर्जन मोहम्मद रजा जफरगंडी,जो ईरान के स्वास्थ्य मंत्री भी हैं, वह इस पूरे इलाज की देखरेख कर रहे हैं। 'द सन' के अनुसार, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने नेतृत्व को दिखाने के लिए खामेनेई का एक बयान प्रसारित किया है।
यह बयान नेता ने खुद नहीं, बल्कि एक न्यूज एंकर ने पढ़ा। इसमें चेतावनी दी गई कि ईरान अपने नागरिकों के खून का बदला लेगा और क्षेत्रीय समुद्री मार्गों को निशाना बनाकर हमले जारी रखेगा; इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने की धमकियां भी शामिल थीं।
बिना लीडरशीप के युद्ध जारी?
रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि ईरान की नेतृत्व संरचना शायद खामेनेई के सीधे आदेशों के बिना ही युद्ध जारी रखे हुए है। 'द सन' द्वारा क्वोट किए एक ईरानी विश्लेषक ने कहा कि देश के सैन्य अभियान किसी सक्रिय नेता के बिना भी आगे बढ़ सकते हैं।
विश्लेषक ने कहा, 'उनके पिता एक ऐसी व्यवस्था छोड़ गए हैं जो अब पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है, और जिसे कोई 'अदृश्य शक्ति' (ghost) भी चला सकती है।' 'यही कारण है कि ईरान की मिसाइलें और ड्रोन अभी भी उड़ान भर रहे हैं, और इसी वजह से युद्ध जारी रहेगा।' बाकी 'द सन' ने कहा कि ईरान के भीतर इंटरनेट पर लगी पाबंदियों और नेता के इलाज के इर्द-गिर्द मौजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी।
