दुनिया

ईरान भरोसे के काबिल नहीं, अब कोई बातचीत नहीं, आगे और भी घातक हमले होंगे, ट्रंप ने किया ऐलान

अमेरिकी सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने ईरान में अपने हालिया हमलों के दौरान करीब 90 स्थानों को निशाना बनाने के बाद हवाई हमले रोक दिए हैं। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने यह जानकारी दी।

Image

ईरान पर फिर भड़के ट्रंप

Photo : AP

Donald Trump on Iran: ईरान और अमेरिका के बीच नए सिरे से युद्ध छिड़ गया है। इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान भरोसे के काबिल नहीं है और अब उससे कोई बातचीत नहीं होगी। ट्रंप ने कहा कि आगे और भी घातक हमले होंगे। साथ ही कहा कि ईरान के हमले का दोगुनी ताकत से जवाब देंगे। ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है।

ईरान में करीब 90 स्थानों को बनाया निशाना

अमेरिकी सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने ईरान में अपने हालिया हमलों के दौरान करीब 90 स्थानों को निशाना बनाने के बाद हवाई हमले रोक दिए हैं। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने यह जानकारी दी। उसने श्वेत-श्याम फुटेज जारी किए जिनमें हवाई अड्डे के रनवे और मिसाइल लॉन्चर को निशाना बनाकर किए गए हमलों को दिखाया गया है। सेंट्रल कमांड ने कहा, अमेरिकी बल सतर्क है और कमांडर इन चीफ के निर्देश पर अभियान चलाने के लिए तैयार हैं।

चाबहार और कोनारक में 10 धमाके

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बुशहर के बाहरी इलाके में स्थित एक सैन्य अड्डे पर अमेरिकी सेना द्वारा दागे गए दो गोले गिरे। बुशहर के राजनीतिक और सुरक्षा मामलों के उप राज्यपाल ने आईआरएनए को बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। चाबहार और कोनारक में लगभग 10 विस्फोटों की सूचना मिली, जिसके चलते चाबहार में आंशिक बिजली कटौती हो गई है। अधिकारी मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान के सिरिक में भी एक विस्फोट की आवाज सुनी गई।

कुवैत, बहरीन और कतर में सायरन बजे

वहीं, अमेरिका ने ईरान पर फिर से हवाई हमले किए जिसके बाद कुवैत, बहरीन और कतर में बृहस्पतिवार तड़के मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजे। खाड़ी के इन तीन अरब देशों में किसी नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। कुवैत की सेना ने कहा कि वह ड्रोन और मिसाइलों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। ईरान ने बुधवार को उस पर अमेरिका के पहले दौर के हवाई हमलों के जवाब में भी बहरीन और कुवैत पर हमले किए थे।

बाद में अमेरिका ने ईरान पर फिर से हमले किए। दूसरे दौर के हमलों से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों पर ईरान के हालिया हमलों से यह संकेत मिलता है कि नाजुक युद्धविराम समाप्त हो गया है। इससे एक दिन पहले, ओमान के तट के पास कई वाणिज्यिक पोतों को ईरान द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिकी सेना ने कई सैन्य स्थलों और बंदरगाह केंद्रों पर हमले किए थे।

ताजा हमलों का मकसद होर्मुज को खुला रखना

सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ताजा हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को और कमजोर करना है। दुनिया में खरीदे एवं बेचे जाने वाले तेल और प्राकृतिक गैस का करीब पांचवां हिस्सा युद्ध शुरू होने से पहले इसी जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था। यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के साथ शुरू हुआ था।

ईरान के सरकारी मीडिया ने बुशहर सहित कई स्थानों पर विस्फोटों की खबर दी। बुशहर में ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र परिसर है। इसके अलावा दक्षिणी बंदरगाह शहरों चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और सिरिक में भी विस्फोटों की खबर दी गई। ट्रंप ने तुर्किये की राजधानी अंकारा में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन से रवाना होने के बाद अपने सोशल मीडिया मंच पर कई वीडियो पोस्ट किए और कहा कि ये वीडियो ईरान में हुए विस्फोटों के हैं। इसके साथ ही उन्होंने ईरान को एक और चेतावनी दी।

ट्रंप ने लिखा, यह ईरान द्वारा कल पोतों पर की गई बमबारी का जवाब है। अगर ऐसा फिर होता है तो स्थिति और बदतर होगी। ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि हालिया जवाबी हमलों का यह दौर किसी "दीर्घकालिक" सैन्य कार्रवाई में नहीं बदलेगा। हालांकि, ट्रंप ने कहा, जो कुछ भी होगा, वह बहुत तेजी से होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी सेना "इस काम को पूरी तरह खत्म कर सकती है। ट्रंप ने बिजली संयंत्रों और विलवणीकरण संयंत्रों समेत ईरान के असैन्य ढांचों पर हमले करने और तेल उत्पादन केंद्र खार्ग द्वीप पर कब्जा करने की अपनी पुरानी धमकियां भी दोहराईं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article