Russia Ukraine War: रूस के मॉस्को में हुए एक ड्रोन हमले की चपेट में आने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। रूस में भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दूतावास के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। दूतावास ने बताया कि उसके अधिकारियों ने हमले वाली साइट का दौरा किया।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, ''हम इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दूतावास कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित कर्मचारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।''
इससे पहले, रूस के रक्षा बलों ने देर रात मॉस्को पर दागे गए 81 ड्रोनों को मार गिराया। सरकारी एजेंसी 'तास' ने सोब्यानिन के हवाले से बताया कि यह 24 फरवरी, 2022 को रूस द्वारा युद्ध के आगाज के बाद से मॉस्को पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक था।स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोद क्षेत्र में एक ड्रोन के ट्रक से टकराने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
556 ड्रोन किए गए तबाह
रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार सुबह बताया कि वायुसेना ने रात भर में देश के ऊपर दागे गये 556 ड्रोन नष्ट कर दिए। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 1,000 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए। रूस के सबसे बड़े हवाई अड्डे मॉस्को के ’शेरेमेत्येवो’ ने बताया कि ड्रोन का मलबा उसके परिसर में गिरा, लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने शनिवार रात को करीब 287 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 279 को मार गिराया गया।
वहीं, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के ड्रोन ने 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर रूसी क्षेत्र को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन रूस की राजधानी और आसपास लगी हवाई रक्षा प्रणालियों को भेदने में सफल हो रहा है। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रविवार की सुबह तक उसके इलाके पर 287 ड्रोन हमले किये, जिनमें से 279 को नाकाम कर दिया गया। इन हमलों में आठ लोग घायल हुए हैं।
