दुनिया

'अपने घरों में रहें भारतीय...', कतर में ईरानी हमलों के बाद दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 23, 2025, 11:50 PM IST

Iran US Tension: कतर में भारतीय दूतावास ने सोमवार को भारतीय नागरिकों से घर के अंदर रहने की अपील करते हुए एक एडवाइजरी जारी की। उन्होंने दोहा में अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी हमलों के बाद शांत रहने और स्थानीय समाचारों, निर्देशों और कतरी अधिकारियों के मार्गदर्शन का पालन करने को कहा।

Image

दूतावास ने एडवाइजरी की जारी

Photo : AP

Iran US Tension: ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिकी बमबारी का असर मिडिल ईस्ट में दिखाई दे रहा है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कतर और इराक में अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया है। ईरान ने एक बयान जारी कर कहा कि अमेरिका ने जितनी मिसाइलें दागी थीं, हमने उतनी ही मिसाइल दागी हैं...। इस बीच, भारतीय दूतावास ने कतर में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

'अपने घरों में रहें भारतीय'

कतर में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से घरों में रहने की अपील की। दूतावास ने 'एक्स' में एक पोस्ट में कहा, ''मौजूदा हालातों को देखते हुए कतर में भारतीय समुदाय से सतर्क और घर के अंदर रहने का आग्रह किया जाता है। कृपया शांत रहें और स्थानीय समाचारों, निर्देशों और कतर के अधिकारियों के मार्गदर्शन का पालन करें। दूतावास हमारे सोशल मीडिया के जरिए अपडेट करता रहेगा।''

ईरान ने मिसाइलों की लगाई बौछार

ईरान ने सोमवार रात कहा कि उसने कतर के अल उदीद एयरबेस पर तैनात अमेरिकी सैनिकों पर हमला किया है। यह घोषणा सरकारी टेलीविजन पर की गई। स्क्रीन पर एक कैप्शन में इसे 'अमेरिका की आक्रामकता के लिए ईरान के सशस्त्र बलों द्वारा करारा जवाब' कहा गया।

ईरान ने कहा कि अल उदीद एयरबेस पर उसके द्वारा किया गया मिसाइल हमला ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिका द्वारा गिराए गए बमों की संख्या के बराबर है। यह हमला ईरान से खतरे के मद्देनजर कतर द्वारा एहतियात के तौर पर अपने एयरस्पेस को बंद करने के तुरंत बाद हुआ। इराक के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि ईरान ने पश्चिमी इराक में अमेरिकी सैनिकों के लिए ऐन अल-असद बेस को भी निशाना बनाया। कतर ने बयान जारी कर वायु सेना अड्डे पर ईरानी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

End of Article