दुनिया

स्वीडन में PM मोदी बोले: आर्कटिक रीजन में भारत-स्वीडन की साझेदारी से बढ़ेगी वैश्विक क्लाइमेट समझ, साथ मिलकर करेंगे काम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्वीडन की तकनीक और भारत के बड़े पैमाने की क्षमता को मिलाकर पूरी दुनिया के लिए जलवायु समाधान तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आर्कटिक क्षेत्र में भारत और स्वीडन का सहयोग वैश्विक क्लाइमेट समझ में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

Image

यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करते पीएम मोदी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्वीडन दौरे के दौरान उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को “स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” के स्तर तक ले जाने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, हरित परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष, उभरती तकनीकों और रिसर्च सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ में उद्योग जगत के प्रमुख CEOs से मुलाकात की। यहां अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुझे स्वीडन के प्रतिष्ठित सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया,यह केवल मेरा नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।

इंडिया-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर की होगी स्थापना

‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्वीडन के बीच सहयोग अब पारंपरिक व्यापारिक रिश्तों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि AI, हेल्थ टेक और ग्रीन मोबिलिटी जैसे हाईटेक क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसी सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और स्वीडन मिलकर “इंडिया-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर” स्थापित करेंगे।

आर्कटिक क्षेत्र में भारत और स्वीडन का सहयोग वैश्विक क्लाइमेट समझ में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा- पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वीडन की तकनीक और भारत के बड़े पैमाने की क्षमता को मिलाकर पूरी दुनिया के लिए जलवायु समाधान तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आर्कटिक क्षेत्र में भारत और स्वीडन का सहयोग वैश्विक क्लाइमेट समझ में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।यहां अपने संबोधन में पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वीडिश कंपनियों द्वारा भारत में उत्पादन सुविधाएं स्थापित करना इस बात का संकेत है कि दोनों देश खरीदार-विक्रेता संबंधों से आगे बढ़ चुके हैं।

आतंकवाद पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती- पीएम मोदी

आतंकवाद के मुद्दे पर भी दोनों देशों ने एकजुटता दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है और भारत इस लड़ाई को मजबूती से जारी रखेगा। उन्होंने पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद स्वीडन द्वारा दिए गए समर्थन के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन का आभार भी जताया।

वर्तमान परिस्थितियों में करीबी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण

पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक तनावपूर्ण परिस्थितियों में भारत और स्वीडन जैसी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के बीच करीबी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति पर जोर देता आया है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारक और ईयू के बीच FTA पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों, निवेशकों के लिए नए अवसर खुलेंगे,जिससे भारत और यूरोप के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article