दुनिया

UPI, रक्षा, अंतरिक्ष और स्वास्थ्य... भारत-सेशेल्स ने खोला सहयोग का नया अध्याय; हुए 19 समझौतों पर हस्ताक्षर

भारत और सेशेल्स ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और क्षमता निर्माण समेत 19 महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा की। इन समझौतों को हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक उपस्थिति और सेशेल्स के साथ बढ़ती साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Image

भारत -सेशेल्स के बीच हुए 19 समझौते। (फोटो- pti)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच हुई वार्ता के बाद भारत और सेशेल्स ने रविवार को 19 महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा की, जिससे रक्षा और समुद्री सुरक्षा से लेकर डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य देखभाल, कृषि और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया जाएगा।

भारत-सेशेल्स के बीच हुए 19 समझौते

ये समझौते हिंद महासागर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण द्वीपीय देश सेशेल्स के साथ सुरक्षा, संपर्क, क्षमता निर्माण और विकास साझेदारी के क्षेत्रों में भारत की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन परिणामों में प्रत्यर्पण संधि, बाह्य अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग संबंधी समझौता, सेशेल्स में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने का समझौता, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ इंडिया (एक्ज़िम बैंक) के साथ एक व्यापक ऋण सुविधा समझौता तथा नए सेशेल्स राष्ट्रीय अस्पताल की प्रारंभिक तैयारियों से संबंधित समझौता शामिल हैं।

दोनों देशों ने सेशेल्स को एक तेज गश्ती पोत उपहार में देने, सेशेल्स रक्षा बल को 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल श्रेणी की नौकाएं सौंपने, सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पोत ’पीएस जोरोस्टर’ के पुनर्निर्माण कार्य के पूरा होने तथा डोर्नियर विमान को आधुनिक ग्लास कॉकपिट प्रणाली से उन्नत करने की भी घोषणा की।

विदेश मंत्रालय ने ’एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में बताया कि अन्य विकासात्मक पहलों के तहत छह एम्बुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट सेशेल्स को सौंपा गया। साथ ही भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक लोगो जारी किया गया तथा व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा केंद्र की आधारशिला का डिजिटल माध्यम से समारोह आयोजित किया गया।

दोनों देशों ने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और सेशेल्स के केंद्रीय बैंक के बीच एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य सेशेल्स में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देना और आर्थिक व तकनीकी सहयोग को और मजबूत करना है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच जन औषधि योजना के तहत हुए समझौते का उद्देश्य सेशेल्स के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती भारतीय दवाएं उपलब्ध कराना है। वहीं, एक अन्य समझौता ज्ञापन नए सेशेल्स राष्ट्रीय अस्पताल की प्रारंभिक तैयारियों से संबंधित है।

इन समझौतों पर भी हुए हस्ताक्षर

मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, दोनों देशों ने सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान और सेशेल्स के विदेश एवं प्रवासी मामलों के मंत्रालय के बीच राजनयिक प्रशिक्षण, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा, सेशेल्स के ध्वज वाले जहाजों पर कार्यरत नाविकों के प्रशिक्षण और प्रमाणन की पारस्परिक मान्यता, तथा बाह्य अंतरिक्ष की खोज और उसके शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।

समझौतों के प्रमुख बिंदु

  • भारत और सेशेल्स के बीच 19 अहम समझौतों की घोषणा।
  • रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान और अंतरिक्ष पर विशेष फोकस।
  • सेशेल्स में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।
  • प्रत्यर्पण संधि और अंतरिक्ष सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर।
  • भारत देगा तेज गश्ती पोत, 10 यूटिलिटी वाहन और 5 नौकाएं।
  • डोर्नियर विमान का ग्लास कॉकपिट सिस्टम से आधुनिकीकरण।
  • छह एम्बुलेंस, 500 टन चावल और 8,500 टन सीमेंट की सहायता।
  • जन औषधि योजना के तहत भारतीय सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • नए राष्ट्रीय अस्पताल की तैयारी में भारत सहयोग करेगा।
  • भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी के बीच हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता

इन सभी समझौतों की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद की गई। प्रधानमंत्री मोदी की यह तीन-दिवसीय राजकीय यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी यहां राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!